बुजुर्ग की हत्या का 6 महीने बाद खुलासा, पकड़े जाने के डर से नशेड़ी ने गला दबाकर वृद्धा की ली जान
बाराबंकी। नशे में वृद्धा के घर में घुसे युवक ने पकड़े जाने के डर से वृद्धा की गला दबाकर हत्या कर दी थी। करीब छह माह बाद वृद्धा की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। बता दें कि 30 मार्च को मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के ग्राम चंदूरा में 62 वर्षीय वृद्धा कंचाना देवी टीन शेड में सो रही थीं, तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। एक अप्रैल की सुबह वह मृत अवस्था में मिलीं। मृतका के बेटे सुरेश की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। स्वाट, सर्विलांस व थाना मोहम्मदपुर खाला की संयुक्त पुलिस टीम ने घटना का अनावरण करते हुए अभियुक्त अनिल यादव पुत्र स्व0 परसादी निवासी ग्राम चन्दूरा को चन्दूरा बस स्टाप के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ से पता चला कि अनिल नशे का आदी है, 31 मार्च की रात अभियुक्त अनिल यादव उपरोक्त शराब के नशे में दीवार फांद कर मृतका के घर में घुस गया तभी मृतका ने शोर मचा दिया। पकड़े जाने के डर से अभियुक्त ने मृतका का मुंह दबा दिया जिससे उसकी मृत्यु हो गयी। किसी को शक न हो इसलिए अभियुक्त ने मृतका के गले को उसी की साड़ी से चारपाई में लपेट दिया तथा मौके से भाग गया।