घर में घुसकर गर्लफ्रेंड को मारी गोली:कंधे और हाथ में लगी,हालत गंभीर
लखनऊ में सिरफिरे आशिक ने युवती को गोली मार दी। आशिक आधी रात युवती के घर में घुस गया। उसके साथ मारपीट की। घर में रखे सामान तोड़े। उसके बाद युवती को 2 गोली मारी। 1 गोली युवती के कंधे और दूसरी हाथ में लगी। युवती को कमरे में बंद करके स्कॉर्पियो से फरार हो गया। गोली चलने की आवाज और चीख-पुकार सुनकर पहुंचे परिजन और पड़ोसी मौके पर पहुंचे। युवती को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
घटना गुरुवार रात करीब 2 बजे पारा थाना क्षेत्र के काशीराम कालोनी की है। यहां 21 साल की लक्ष्मी थापा बहन और भांजी के साथ किराए के मकान में रहती है। बहन राधिका ने बताया- करीब 1 साल से सरोजनी नगर के माना निवासी आकाश कश्यप से लक्ष्मी का प्रेम-प्रसंग था। आकाश क्रिमनल प्रवृत्ति और नशे का आदी है। इस वजह से लक्ष्मी उससे पीछा छुड़ाना चाहती थी। आकाश उसे लगातार परेशान कर रहा था और गुरुवार रात में घर में घुसकर गोली मारकर फरार हो गया।
युवती को पीटा और घर के सामान तोड़े
काशीराम कालोनी में 21 साल की लक्ष्मी थापा बड़ी बहन राधिका और 7 साल की भांजी के साथ किराए के मकान में रहती है। राधिका थापा ने बताया कि बहन लक्ष्मी थापा का 1 साल से आकाश कश्यप के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था।
गुरुवार रात करीब 2 बजे आकाश शराब के नशे में घर आया। सीधे लक्ष्मी के कमरे में घुस गया। विरोध करने कर गाली-गलौज की। मारपीट की। घर का सामान तोड़ दिया। हम लोग डर गए। आसपास के लोगों को बुलाने लगे तब तक आकाश ने तमंचा निकालकर लक्ष्मी को गोली मार दी।
गोली चलाने के बाद कुंडी लगा कर हुआ फरार
राधिका ने बताया- लक्ष्मी को गोली मारने के बाद आकाश मेरी 7 साल की बेटी की ओर बढ़ा। उसने बेटी को गोली मारने की कोशिश की। बेटी डरकर भाग गई। इसके बाद आकाश ने लक्ष्मी को कमरे में बंद कर दिया। दरवाजे में बाहर से कुंडी लगा दी। घर के बाहर खड़ी अपनी स्कॉर्पियो से भाग गया। गोली की आवाज और हम लोगों की चीख सुनकर आसपास के लोग आ गए। पड़ोसियों की मदद से बहन को लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल से ही पुलिस को घटना की सूचना दी।
इवेंट में हुई थी दोनों की दोस्ती
पुलिस की जांच में आया कि लक्ष्मी और राधिका ऑर्केस्ट्रा में काम करती हैं। 1 साल पहले लक्ष्मी और आकाश की मुलाकात एक इवेंट में हुई थी। जहां दोनों ने मोबाइल नंबर एक्सचेंज किया था। दोनों में पहले फोन पर बातें होने लगीं, फिर मुलाकातें हुईं। इसके बाद दोनों में प्रेम-प्रसंग शुरू हो गया।
क्रिमनल हिस्ट्री जानकर बनाई दूरी
राधिका ने बताया कि लक्ष्मी को आकाश के बारे में पता चला कि वह नशा करता है आपराधिक प्रवृत्ति का है। इसके बाद से उसने आकाश से दूरी बना ली। लक्ष्मी ने आकाश से बात करनी बंद कर दी। उसका फोन भी नहीं उठा रही थी।
आकाश अलग-अलग नंबर से फोन करके परेशान करने लगा। लक्ष्मी उससे पीछा छुड़ाना चाहती थी, लेकिन आकाश आए दिन शराब के नशे में उसको परेशान करता था। इसी बात को लेकर उसने गुरुवार को लक्ष्मी को गोली मार दी।