फैक्टरी में ट्रक से कुचलकर मजदूर की मौत, आक्रोशित परिजनों ने चार घंटे तक नहीं उठने दिया शव
बरेली के फरीदपुर में हाईवे के किनारे स्थित जगदंबा विनियर प्लाई फैक्टरी में शुक्रवार को काम कर रहे मजदूर प्रदुमन सिंह (22) की परिसर में ही ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। परिजनों ने फैक्टरी का घेराव कर चार घंटे तक पुलिस को शव नहीं उठाने दिया। फैक्टरी प्रबंधन से परिजनों का समझौता होने के बाद परिजनों ने ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई और पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी राधेश्याम ने बताया कि फैक्टरी के बाहर की घटना दर्शाते हुए मृतक के भाई सुनील सिंह ने शाहजहांपुर के बंडा क्षेत्र के मुरादपुर गांव निवासी ट्रक चालक राजेश पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मजदूरों की हाजिरी का मांगा रिकॉर्ड
मृतक के परिजनों ने घटना के बाद फैक्टरी के मुनीम का घेराव कर उससे मजदूरों की हाजिरी वाला रजिस्टर मांगा। मुनीम ने बताया कि हाजिरी रजिस्टर फैक्टरी में नहीं रहता है। वह घर पर रखा जाता है। उन्होंने कहा कि टीम के छापे के डर से फैक्टरी प्रबंधन ने सारे अभिलेख यहां रखने से मना कर रखा है। इस पर परिजन और आक्रोशित हो गए। उन्होंने मुंशी को घेर लिया। इसके बाद मुंशी ने मोबाइल में पड़े हाजिरी लगाने वाले कागज दिखाए।
ट्रक चालक ने खुद को कमरे में बंद कर बचाई जान
मजदूर की मौत के बाद आक्रोशित अन्य मजदूरों ने ट्रक चालक को पीटने के लिए ट्रक से खींचने लगे। उसने अपनी खिड़की बंद कर ली। लोगों नें ट्रक के शीशे तोड़ दिए। गुस्साए लोगों से बचकर चालक ने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया। वह चार घंटे तक कमरे में बंद रहा।