प्रतापगढ़: परीक्षा देकर लौट रहे छात्रों पर हमला; चार घायल:मामले की जांच कर रही है पुलिस
प्रतापगढ़। बेलखरनाथ धाम में परीक्षा देकर लौट रहे इंटर के छात्रों पर अज्ञात हमलावरों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में चार छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के बाद थाने ले गई। यह घटना पट्टी कोतवाली क्षेत्र के अलगू राम इंटरमीडिएट कॉलेज गडौरी में बने रायबद्री पाल सिंह इंटर कॉलेज के परीक्षा केंद्र से लौट रहे छात्रों के साथ हुई। जौनपुर जनपद के गुआवा भिलमपुर गांव के ये छात्र बुधवार को परीक्षा देने आए थे।
घर लौटते समय उडैयाडीह बाजार में अज्ञात हमलावरों ने छात्र आदित्य, करन, चांद बाबू और समीर को घेरकर लाठी-डंडों और ईंटों से हमला किया। गनीमत रही कि उसी समय चौकी इंचार्ज कमलेश यादव मौके पर पहुंच गए, जिससे हमलावर भाग निकले। इस दौरान चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई। चौकी इंचार्ज ने सभी घायल छात्रों का प्राथमिक उपचार कराया और उन्हें कोतवाली ले गए। देर शाम तक पुलिस उनसे पूछताछ करती रही और मामले की जांच जारी है।