लिफ्ट देकर महिला से दुष्कर्म का प्रयास, कार से कूदकर बचाई जान
राजधानी लखनऊ में रास्ता पूछने के बहाने कैब चालक ने कार रोकी। इसके बाद लिफ्ट देने के बहाने महिला को बैठा लिया। रास्ते में उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। महिला ने किसी तरह कार से कूदकर अपनी जान बचाई। आरोपी कैब चालक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
राजधानी लखनऊ में मलिहाबाद इलाके में ई-ऑटो चालक द्वारा महिला से दुष्कर्म और हत्या का मामला अभी लोग भूल भी नहीं पाए हैं, एक और कैब चालक की करतूत ने चौंका दिया है। पीजीआई इलाके में एक कैब चालक ने महिला को लिफ्ट दिया और फिर कार में दुष्कर्म की कोशिश की। पीड़िता ने किसी तरह खुद को बचाया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी कैब चालक अनुपम तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है।
कार चालक ने खुजौली जाने का रास्ता पूछा…
नगराम इलाके में रहने वाली महिला पीजीआई क्षेत्र के एक अपार्टमेंट में काम करती हैं। महिला के मुताबिक शनिवार को शाम साढ़े चार बजे वह काम खत्म कर घर वापस जा रही थी। सरथुआ के पास पहुंचने पर पीछे से एक कार उनके पास आकर रुकी। कार चालक ने उनसे खुजौली जाने का रास्ता पूछा। महिला ने रास्ता बता दिया। चालक ने रास्ते की जानकारी नहीं होने की बात कही और कुछ देर तक बातें करता रहा। झांसे में लेकर चालक ने महिला को उसके गंतव्य तक छोड़ने की बात कही और कार में बैठा लिया। महिला का आरोप है कि कुछ दूर आगे जाने के बाद चालक उनसे छेड़छाड़ करने लगा।
महिला ने कार का दरवाजा खोला और कार से कूद गई बाहर…
महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने कार की रफ्तार बढ़ा दी और कार से धक्का देने की धमकी देने लगा। डर के मारे महिला काफी देर तक सहती रही। आगे आरोपी ने बरकत नगर के पास कार रोकी। मौका पाकर महिला ने दरवाजा खोला और कार से बाहर कूद गई और शोर मचाने लगी। लोग मदद के लिए आगे बढ़े तो कैब चालक भाग निकला। पीड़िता ने घर जाकर परिजनों को आपबीती सुनाई। इसके बाद रविवार को थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। इंस्पेक्टर पीजीआई धीरेंद्र सिंह ने बताया कि कार नंबर के आधार पर आरोपी खुजौली निवासी अनुपम तिवारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। नए कानून के तहत आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की एफआईआर दर्ज की गई है।