संभल में फिर चला बुलडोजर: सरकारी जमीन पर तैयार किए थे मकान, प्रशासन की पहुंची टीम
संभल जिले के सिरसी कस्बे के मोहल्ला शर्की में सरकारी जमीन पर बने अवैध मकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सोमवार को प्रशासन जेसीबी की मदद से मकानों को गिरवा रहा है। यह मकान करीब दस वर्ष पहले ग्राम समाज और खाद के गड्ढों की आरक्षित भूमि पर बनाए गए थे। लंबे समय से चली आ रही शिकायतों के बाद मामला तहसीलदार न्यायालय में पहुंचा।
जहां सुनवाई के दौरान तथ्यों के आधार पर मकान खाली करने के आदेश दिए गए। न्यायालय के आदेश के बावजूद मकान स्वामियों ने समय पर मकान खाली नहीं किए। इसके बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए मकान ध्वस्त करने के आदेश जारी कर दिए। इसी क्रम में रविवार से कार्रवाई शुरू हुई जिसमें नायब तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही।
किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को भी एहतियातन तैनात किया गया है। प्रशासन द्वारा नोटिस जारी किए जाने के बाद इलाके में खलबली मच गई थी। शनिवार को नायब तहसीलदार बबलू कुमार राजस्व विभाग की टीम के साथ सिरसी पहुंचे थे और ग्राम समाज व खाद के गड्ढों की भूमि पर बने आठ मकानों को खाली करने के लिए नोटिस थमाए गए थे।