प्रतापगढ़ में परफ्यूम विवाद पर फायरिंग:बस अड्डे के पास दबंगों ने दुकान के बाहर चलाई गोली
प्रतापगढ़ के नगर कोतवाली क्षेत्र में बस अड्डे के पास परफ्यूम को लेकर हुए विवाद के बाद गोलीबारी की घटना सामने आई है। शुक्रवार शाम को दबंगों और एक दुकानदार के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दबंगों ने फायरिंग कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। यह घटना नगर कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बस अड्डे के पास हुई। जानकारी के अनुसार, कुछ दबंग परफ्यूम खरीदने के लिए एक जनरल स्टोर पर पहुंचे थे। परफ्यूम की खुशबू पसंद न आने या किसी अन्य बात को लेकर उनकी दुकानदार मो० गुलशन से बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर दबंगों ने दुकान के बाहर गोली चला दी।
गोली चलने की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों में अफरा तफरी मच गई। फायरिंग के बाद आरोपी बदमाश मौके से फरार हो गए। दुकानदार मो० गुलशन ने आरोप लगाया है कि दबंगों ने उन्हें जान से मारने की नीयत से गोली चलाई थी। घटना की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात आरोपियों की तलाश कर रही है।पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।