‘मौत की शर्त’: उफनती यमुना में कूद गए दो दोस्त, एक ने कर ली नदी पार…दूसरे के साथ हो गया दर्दनाक हादसा
यूपी के आगरा जिले में खौफनाक घटना हुई। दो दोस्तों ने उफनती यमुना को तैर कर पार करने की शर्त लगा दी। अपनी जान की बाजी लगाते हुए दोनों ही उफनाती यमुना में कूद पड़े। एक दोस्त ने तो यमुना पार कर ली, लेकिन दूसरा दोस्त डूब गया। आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के भगवती बाग में बुधवार दोपहर दो युवकों में यमुना पार करने की बाजी लग गई। दोनों ने नदी में छलांग लगा दी। एक युवक तैरकर दूसरे किनारे पर पहुंच गया जबकि दूसरा तेज बहाव में डूब गया। पुलिस ने गोताखोरों और स्टीमर की मदद से युवक की तलाश की लेकिन पता नहीं चल सका।
परिवार में कोहराम मचा हुआ है। भगवती बाग निवासी सचिन (ऑटो चालक) और पड़ोसी मोहन (कारीगर) दोपहर करीब 12 बजे फाउंड्री नगर में बाल कटवाने गए थे। इसी दौरान सचिन का अचानक यमुना में नहाने का मन हुआ। दोनों दोपहर 1 बजे यमुना के किनारे पहुंचे। मोहन ने नहाने से इन्कार कर दिया। इस पर सचिन ने मोहन के छोटे भाई सूरज को बुला लिया। मोहन बाहर खड़ा रहा। उसने बताया कि सचिन और सूरज के बीच बाजी लगी कि पहले काैन नदी पार कर लेगा। कपड़े उतारकर दोनों ने छलांग लगा दी। सूरज तैरकर दूसरे किनारे पहुंच गया लेकिन सचिन कुछ दूर तक तैरने के बाद गहरे पानी में डूब गया। पता चलने के बाद से मां और तीन बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।