जन्नत से भी प्यारा… गाने पर डॉक्टर का मंगेतर संग डांस, हॉस्पिटल के ड्यूटी रूम से लीक हुआ फोटो
उत्तर प्रदेश में शामली जिले के कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में एक विवादित मामला सामने आया। CHC के ड्यूटी रूम में एक डॉक्टर का अपनी मंगेतर के साथ डांस करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया और अस्पताल प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक यह डांस उस डॉक्टर की सगाई की खुशी में किया गया था। बताया जा रहा है कि मौके पर एक छोटी-सी डांस पार्टी जैसा माहौल बनाया गया था, जहां डॉक्टर अपनी मंगेतर के साथ फिल्मी गानों पर थिरकते दिखे। हालांकि मामला निजी खुशी का था, लेकिन यह सब सरकारी अस्पताल के ड्यूटी रूम में होना स्वास्थ्य विभाग के नियमों और पेशेवर आचार संहिता के खिलाफ माना गया।
डॉक्टर को नोटिस जारी कर मांगा जवाब
वीडियो वायरल होने के बाद CHC अधीक्षक डॉक्टर वीरेंद्र कुमार ने संबंधित डॉक्टर को नोटिस जारी कर दिया। अधीक्षक ने इस घटना को अनुशासनहीनता बताते हुए तत्काल प्रभाव से डॉक्टर से ड्यूटी रूम खाली भी करवा दिया। अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी रूम मरीजों की सेवा, रेस्ट और आपातकालीन तैयारियों के लिए होता है, न कि निजी समारोहों के आयोजन के लिए।
अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी
मामले को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी गई।लोगों का कहना है कि सरकारी अस्पतालों में पहले ही डॉक्टरों की उपलब्धता और सेवाओं को लेकर सवाल उठते रहते हैं। ऐसे में ड्यूटी रूम में डांस पार्टी होना बेहद चौंकाने वाला है। स्वास्थ्य विभाग इस घटना की विस्तृत जांच कर रहा है। प्रारंभिक स्तर पर डॉक्टर से स्पष्टीकरण मांगा गया है और आगे अनुशासनात्मक कार्रवाई की भी संभावना जताई जा रही है। CHC अधीक्षक डॉक्टर वीरेंद्र कुमार ने कहा कि अस्पताल परिसर में ऐसी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।