किन्नरों का हंगामाः पुलिस पर घूसखोरी और एकतरफा कार्रवाई का आरोप
कानपुर के चकेरी थाने में गुरुवार को दो दर्जन से अधिक किन्नरों ने जमकर हंगामा किया। किन्नरों ने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई करने और घूसखोरी का आरोप लगाया। हंगामे को देखते हुए पुलिसकर्मी पीछे हट गए। यह मामला 22 नवंबर की रात चकेरी क्षेत्र स्थित केआर पैलेस में नेग मांगने को लेकर किन्नरों के दो गुटों के बीच हुई झड़प से शुरू हुआ था। अगले दिन, 23 नवंबर को दोनों गुटों ने चकेरी थाने पहुंचकर भी हंगामा किया था। पुलिस के समझाने के बाद दोनों पक्ष बिना किसी सुलह-समझौते के वापस लौट गए थे। किन्नर काजल ने बताया कि उनका सनिगवां क्षेत्र है, जहां अन्य किन्नर वसूली करने आते हैं, जिससे अक्सर विवाद होता रहता है।
उन्होंने बताया कि दिसंबर 2024 में भी सीमा विवाद को लेकर फायरिंग और लाठी-डंडे चले थे, जिसमें कई लोग घायल हुए थे। इस मामले में दोनों पक्षों का विवाद न्यायालय में विचाराधीन है। काजल, नैन्सी, रिंकी, चहक, रजनी और आनंदी सहित अन्य किन्नरों ने आरोप लगाया कि सनिगवां क्षेत्र के एक किन्नर ने अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट की थी। इसकी लिखित शिकायत थाने में की गई थी, लेकिन पुलिस ने यह कहकर रिपोर्ट लिखने से इनकार कर दिया कि “साहब छुट्टी पर गए हैं, उनके वापस आने पर रिपोर्ट लिखी जाएगी।” थाना चकेरी प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि हंगामे के बाद किन्नरों को समझा-बुझाकर वापस भेज दिया गया है। उन्होंने मामले की जांच के आदेश दिए जाने की बात कही।