कब्रिस्तान में दफनाया ‘शैतान’ का शव; मुठभेड़ में मारा गया था इफ्तेकार
बरेली में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए एक लाख के इनामी बदमाश इफ्तेकार उर्फ शैतान के शव को कैंट के कब्रिस्तान में दफना दिया गया। रविवार को उसकी पत्नी बरेली पहुंची। इसके बाद इफ्तेकार के शव को सुपुर्दे खाक किया गया। बरेली में नौ अक्तूबर की सुबह मुठभेड़ में मारे गए बदमाश इफ्तेकार उर्फ सोल्जर उर्फ शैतान का शव रविवार को कैंट क्षेत्र के कब्रिस्तान में दफन कर दिया गया। तीन दिन से पुलिस उसके 15 नाम और सात पते लेकर घूम रही थी, लेकिन उसका सही पता नहीं मिल सका था। एक लाख के इनामी बदमाश शैतान की पत्नी संभल से यहां पहुंची।
पुलिस व संस्था अवाम-ए-खिदमात कमेटी के सहयोग से शव को दफन कराया। बदमाश के चार बच्चे भी हैं। सूत्रों के मुताबिक शैतान अपनी बस्ती से एक लड़की को ले आया था। इसके बाद से बस्ती में उसका काफी विरोध था और वह वहां नहीं जाता था। परिवार से भी उसका खास लगाव नहीं था। सूत्र बताते हैं कि पुलिस के काफी प्रयास के बाद उसकी पत्नी को लाया जा सका। संभल जिले के गांव भूपखेड़ी के प्रधान भी उसकी पत्नी के साथ आए थे। इन लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है। रविवार सुबह जब कैंट स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया तो एहतियात के तौर पर काफी पुलिसबल मौजूद रहा।