भाई की बरात में गर्भवती बहन को हमलावरों ने पीटा, पेट में लात मारने से बिगड़ी हालत
बदायूं में भाई की बरात में आई सात महीने की गर्भवती विवाहिता और उसके पति की आरोपियों ने पिटाई कर दी। आरोपियों ने गर्भवती के पेट में लात मार दी। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। घटनाक्रम का वीडियो वायरल हो रहा है। पीड़ित का आरोप है कि शिकायत करने पर एसआई ने उल्टा मुकदमा दर्ज करने की धमकी दे दी। इससे आहत होकर पीड़िता ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर एसआई व आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।बिसौली कस्बा के वार्ड 15 निवासी मुस्कान पत्नी शोएब ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 15 जून की रात साढ़े 11 बजे वह अपने भाई की शादी में वजीरगंज के कस्बा सैदपुर आई थी।
रात 11 बजे बरात चढ़ने के दौरान सैदपुर के हनीफ, जीशान, इकरार, अमन, अबरार व चार अज्ञात लोग आ गए। उन लोगों ने आते ही उसके पति के साथ मारपीट शुरू कर दी। जब वह पति को बचाने पहुंची। तब जीशान व इकरार ने उसके पेट में लात मार दी। वह सात महीने की गर्भवती है। इससे वह बेहोश होकर गिर पड़ी। इस दौरान आरोपियों ने उसके पति को जमकर मारा-पीटा। इससे वह घायल हो गए। पीड़ित शोएब थाने पहुंचे। जहां पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। आरोप है कि थाने के एसआई सुपेंद्र मलिक उल्टा फैसले का दबाव बनाने लगे। धमकी दी कि अगर फैसला नहीं किया तो उल्टा मुकदमा लिख दिया जाएगा। पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण भी नहीं कराया। इससे परेशान होकर पीड़िता ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। वजीरगंज इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह ने बताया कि इस मामले में जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।