खाकी दागदार:सिपाही पर दूसरी महिला को गर्भवती करने का आरोप, मुजफ्फरनगर से कांस्टेबल पत्नी पकड़ने पहुंची, मचा बवाल
उत्तर प्रदेश के शामली में एक सिपाही की दबंगई और कथित अवैध संबंधों का मामला सुर्खियों में है। मुजफ्फरनगर में तैनात एक महिला कांस्टेबल ने अपने पति जो शामली पुलिस लाइन में तैनात है, पर दूसरी महिला के साथ रहने, शादी करने और उसे गर्भवती करने का गंभीर आरोप लगाया है। पत्नी के मुताबिक, कई दिनों से उसके पति का व्यवहार संदिग्ध था। जब उसे पक्की जानकारी मिली कि पति शामली में दूसरी महिला के साथ रह रहा है, तो वह सबूत के लिए देर रात खुद पहुंच गई।
महिला कांस्टेबल के अनुसार उसका पति काफी समय से उससे दूर रहने लगा था। दोनों के बीच विवाद बढ़ने पर तलाक का केस भी दायर हुआ था, लेकिन मुजफ्फरनगर कोर्ट ने उसे खारिज कर दिया। इसके बावजूद पति का दूसरी महिला से संबंध खत्म नहीं हुआ। मामले की सच्चाई जानने और पति को रंगे हाथों पकड़ने के लिए वह मंगलवार रात मोहल्ला काकानगर स्थित उसके घर पहुंची, लेकिन दरवाजा नहीं खोला गया। मजबूरन उसने स्थानीय पुलिस को बुलाया।
पत्नी को गाली देने लगा सिपाही
पुलिस ने दरवाजा खटखटाया तो अंदर से वही सिपाही निकला। पत्नी को देखते ही उसने गालियां देनी शुरू कर दी। कुछ ही देर में घर से दो महिलाएं और बाहर आ गईं। तीनों के बीच कहासुनी बढ़ी और मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान मौजूद पुलिसकर्मी बीच-बचाव करते रहे, लेकिन हालात बिगड़ते गए। झगड़े का वीडियो भी सामने आया है।
वर्दी को भी किया दागदार
हैरत की बात यह रही कि पुलिसकर्मियों के सामने ही सिपाही कुछ मिनट के लिए अंदर भागा और वापस अपनी वर्दी पहनकर बाहर आया। वर्दी पहनते ही वह और आक्रामक हो गया और पत्नी को अभद्र भाषा में अपमानित करता रहा। पत्नी का कहना है कि पति दूसरी महिला के साथ रह रहा है और वह महिला गर्भवती भी है। महिला कांस्टेबल ने बताया कि उनका छह साल का बेटा है, जो उसी के साथ रहता है। मेरी सहमति के बिना पति का दूसरी महिला के साथ रहना न सिर्फ गैरकानूनी है बल्कि चरित्र, परिवार और वर्दी तीनों के लिए शर्मनाक है।