पिता की हत्या: प्रेमी ने रची साजिश, लाकर दीं नींद की गोलियां, दो बेटियों ने काटा गला
भोपा के गांव मोरना में किसान रामप्रसाद (55) की हत्या के मामले में नया मोड़ आ गया है। पुलिस की जांच में सामने आया कि मृतक की नाबालिग बेटी ने नींद की गोलियां अपने प्रेमी से मंगाई थीं। प्रेमी ने ही वारदात की योजना बनाई। घटना वाले दिन व रात दोनों ने लगभग साढ़े पांच घंटे बात की थी। पुलिस ने आरोपी मेरठ के थाना दौराला के गांव पनवाड़ी निवासी रॉकी को गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले दोनों बहनों को जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस ने हत्या का खुलासा कर दोनों आरोपियों की निशानदेही पर दो चाकू व नींद की गोली व खाली रेपर भी बरामद किया था। आरोपी बहनों ने पुलिस को बताया था कि नींद की गोली एक परिचित युवक से मंगाई थी। पुलिस ने बताया कि नाबालिग आरोपी के मोबाइल की जांच की तो उसकी घटना वाले दिन व रात में एक मोबाइल नंबर पर साढ़े पांच घंटे बात करना सामने आया। इसी आधार पर पुलिस ने युवक का पता लगाया। बृहस्पतिवार को क्षेत्र के गांव कासमपुरा चौराहा से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय ने उसे जेल भेज दिया। उसने योजना बनाकर नींद की गोली लाकर दी थी। इसके बाद घटना की गई।