प्रतापगढ़ रियासत के महाराजा पूर्व सांसद व भाजपा की वरिष्ठ नेता राजकुमारी रत्ना सिंह के पति महाराजा जय सिंह सिसोदिया का हुआ निधन, काफी दिनों से चल रहे थे बीमार
प्रतापगढ़। राजस्थान की ऐतिहासिक प्रतापगढ़ रियासत के 24वें महारावत और मेवाड़ वंश के उत्तराधिकारी हिस हाइनेस महाराजाधिराज महारावत श्री जयसिंह अंबिकाप्रतापसिंह सिसोदिया का सोमवार रात निधन हो गया। उन्होंने उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ ज़िले स्थित कलाकांकर राजभवन में रात 9:30 बजे अंतिम सांस ली। वे 64 वर्ष के थे। राजस्थान प्रतापगढ़ रियासत के महाराजा पूर्व सांसद ब भाजपा की वरिष्ठ नेता राजकुमारी रत्ना सिंह के पति महाराजा जय सिंह सिसोदिया का हुआ निधन। उनके निधन की खबर से राजस्थान, गुजरात और उत्तर प्रदेश के पूर्व राजघरानों में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय निवासियों और परिवार के नजदीकी लोगों में गहरा दुख है।
महाराणा प्रताप के वंशज, दोनों ओर से शाही विरासत
जयसिंह सिसोदिया का जन्म 13 फरवरी 1961 को प्रतापगढ़ में हुआ था। वे प्रतापगढ़ के पूर्व महारावत स्वर्गीय अंबिकाप्रताप सिंह सिसोदिया के पुत्र थे। उनकी माता मुकुंदा कुमारीजी, जामनगर (गुजरात) के शाही परिवार से थीं और ब्रिटिश नागरिकता रखती थीं। हाल ही में उनका निधन लंदन में हुआ था। इस शाही जोड़े के ज्येष्ठ पुत्र जयसिंह सिसोदिया का जीवन भारतीय राजपरंपरा, आधुनिक संवेदनशीलता और जनसेवा का अनोखा संगम था। जयसिंह सिसोदिया की पत्नी राजकुमारी रत्ना सिंह तीन बार की लोकसभा सांसद रह चुकी हैं और उत्तर प्रदेश के प्रतिष्ठित कलाकांकर राजघराने से ताल्लुक रखती हैं।
पूरे परिवार पर दुःख का पहाड़
परिवार में यह दुःखद समाचार दूसरी बड़ी क्षति है। हाल ही में उनकी माता मुकुंदा कुमारीजी का निधन लंदन में हुआ था। अब जयसिंह सिसोदिया के जाने से राजपरिवार में एक बार फिर शोक की लहर है।