राजस्थान के हनुमानगढ़ टाऊन में एक मामा ने अपनी नौ साल की भांजी की हत्या कर दी। फिर उसके शव को अपने घर के अंदर संदूक में छिपा दिया। घर से बदबू आने लगी तो पुलिस ने शव को संदूक से बरामद किया। फिलहाल आरोपी मामा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। राजस्थान के हनुमानगढ़ टाऊन में एक नौ वर्षीय बच्ची के जघन्य हत्याकांड का मामला सामने आया है। बच्ची जन्माष्टमी की शाम को लापता हुई थी और बच्ची का शव रिश्ते में लगते उसके मामा छोटू दास के घर संदूक में बंद मिला। दो दिनों में आरोपी छोटू दास बच्ची को ढूंढने का नाटक करते हुए परिजनों और पुलिस के साथ घूमता रहा।
सोमवार शाम को आरोपी के घर से बदबू आने के बाद पुलिस ने शव को संदूक से बरामद किया। पुलिस के अनुसार मामा छोटू दास ने बच्ची की हत्या कर शव को बोरे में बंद किया और उसको संदूक में छिपा दिया। इस घटना से हनुमानगढ़ के नागरिकों में आक्रोश है। नागरिकों की मांग है कि दोषी को फांसी की सजा मिले। वहीं परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का कहना है कि आरोपी छोटूदास ने ना केवल जघन्य अपराध किया है, बल्कि रिश्तों का भी कत्ल किया है क्योंकि आरोपी रिश्ते में बच्ची का मामा लगता है। परिजनों ने भी आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग की है।