नालंदा के करायपरसुराय थाना क्षेत्र के गालिमपुर गांव में बुधवार की दोपहर दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी है। मां ने रुपए नहीं दिये तो नाबालिग बेटे ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। मृतका राजाराम महतो की 48 वर्षीया पत्नी मुन्नी देवी थीं। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित हथियार लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना पाकर हिलसा डीएसपी शैलजा व थानाध्यक्ष रणविजय कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। ग्रामीणों की मानें तो आरोपित बेटा नशा करने का आदी है। वहीं, पिता की मौत के बाद से घर में मां-बेटे के बीच विवाद की भी चर्चा हो रही है।
घर के दरवाजे पर पीठ में मारी गोली
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि आरोपी 17 साल के नाबालिग ने दोपहर करीब 2 बजे शराब पीने के लिए अपनी मां से 3500 रुपए मांगे थे। मां ने पैसे देने से इनकार कर दिया और घर के अंदर जाने लगी। इसके बाद आरोपी ने पहले से घर में रखे देसी कट्टा से मां पर फायर कर दी। गोली नाबालिग की मां के पीठ में लगी, जिसके बाद महिला घर के दरवाजे पर ही गिर गई। करीब 5 मिनट बाद महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
गोली चलने की आवाज और महिला के शोर मचाने के बाद आसपास के लोग मौके पर जुटे और घटनास्थल की ओर दौड़े। लोगों को आता देख आरोपी नाबालिग देसी कट्टा समेत घटनास्थल से फरार हो गया। फिलहाल, पुलिस आरोपी नाबालिग की तलाश में जुटी है।
महिला के पति की भी हुई थी 5 साल पहले हत्या
ग्रामीणों की मानें तो इस परिवार में काफी समय से विवाद चल रहा है। करीब 5 साल पहले आरोपित के पिता राजाराम की भी हत्या हुई थी। इसमें मुन्नी देवी आरोपित थी। काफी समय उन्हें जेल में भी रहना पड़ा। हाल ही में वे जमानत पर जेल से बाहर आयी थी। पिता की हत्या के बाद घर में अक्सर तनाव व विवाद की स्थिति बनी रहती है। कुछ लोग आरोपित के नशा करने की भी चर्चा कर रहे हैं।
वारदात की जानकारी के बाद करायपरसुराय थाना के शो रणविजय कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। थोड़ी देर बाद डीएसपी शैलजा भी घटनास्थल पर पहुंची। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना के बाद हमलोग आए हैं, जांच पड़ताल जारी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बिहार शरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया गया है। आरोपी घटना के बाद मौके से फरार हो गया है। पैसे की विवाद को लेकर बेटे ने गोली मारी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल से साक्ष्य भी जमा किये हैं। डीएसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया है। पुलिस सभी बिंदुओं को सामने रखकर जांच कर रही है। आरोपित बेटे की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।