यूपी में धर्म परिवर्तन: पिंकी को बनाया आफरीन, दो बीवियां रहते 12 साल छोटी युवती से किया निकाह
यूपी में धर्म परिवर्तन कराने का मामला सामने आया है। एक युवक ने दो बीवियों के रहते 12 साल छोटी आदिवासी युवती से शादी रचा ली। पिता के एतराज के बाद भी जबरिया निकाह किया। शिकायत पर पुलिस ने बालिग बता 42 दिन में फाइल बंद कर दी। सोनभद्र के दुद्धी के बघाडू गांव में जिस बेटी के लिए पिता ने बृहस्पतिवार को मीडिया के सामने आकर गुहार लगाई थी, अब उसकी पहचान भी बदल गई है।
पिंकी से आफरीन बनी युवती के अनपरा क्षेत्र में रहने की बात सामने आई है। आरोप है कि आजम ने उसे झांसा देकर अपने जाल में फंसाया और पहले से दो बीवियां रहते उसने पिंकी से शादी की प्रकरण को लेकर पुलिस और एजेंसियां अपने स्तर से जानकारी जुटाने में लगी हुई हैं। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष ने भी उच्चस्तरीय जांच की जरूरत जताई है। बताया कि बघाडू के साथ अन्य जगहों पर ऐसे कितने मामले हैं, इसकी सूची बनाई जा रही है।
बता दें कि बघाडू निवासी अशर्फीलाल ने बृहस्पतिवार को तहसील मुख्यालय पर अपनी शादीशुदा बेटी को जबरिया उठाकर घर से ले जाने और धर्म परिवर्तन कराते हुए उससे शादी रचाने का आरोप लगाया था। सूत्रों के मुताबिक यह प्रकरण वर्ष 2022 का है। जिस पिंकी से शादी कर आफरीन नाम दिया गया वह अपने छह भाई-बहनों में पांचवें नंबर की थी। अशर्फीलाल के मुताबिक, 10 मई 2022 को उन्होंने अपनी बेटी की शादी दुद्धी के कटौंधी में की थी।