प्रतापगढ़ के बेल्हा देवी परिसर में दो पक्षों में जमकर चले लाठी-डंडे, पुलिस जांच जारी
प्रतापगढ़ में बेल्हा देवी मंदिर परिसर में लड़की पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह घटना सोमवार दोपहर करीब दो बजे मंदिर परिसर के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ युवकों ने वहां मौजूद लड़कियों पर आपत्तिजनक टिप्पणी की। जब इसका विरोध किया गया तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में हाथापाई और मारपीट में तब्दील हो गई।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने मारपीट का वीडियो बना लिया। वायरल वीडियो में दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों और घूंसे चलते हुए साफ तौर पर देखे जा सकते हैं। मंदिर जैसे धार्मिक स्थल पर हुई इस घटना से लोगों में आक्रोश भी देखा गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वीडियो और प्राप्त शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल स्थिति सामान्य है। नगर कोतवाल सुभाष यादव ने कहा कि घटना के वीडियो की जानकारी मिली है। फिलहाल थाने पर कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद मामले में विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा प्रकरण की जांच की जा रही है।