यूपी के इनामी बदमाशों पर टूटा पुलिस का कहर, लारेंस विश्नोई गैंग के शार्प शूटर समेत 3 बदमाश घायल
मुजफ्फरनगर। मेरठ जिले में दो अलग-अलग मुठभेड़ में पुलिस ने 25-25 हजार रुपए के इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। वहीं मुजफ्फरनगर जिले में बीते देर रात को लोरेंस विश्नोई गैंग के बदमाश को STF मेरठ और मुजफ्फरनगर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है।
लिसाडी में 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
मेरठ के थाना लिसाडी गेट पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई में अपराधी मुनीर को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है, उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर और कारतूस बरामद किया गया है। वह आर्म्स एक्ट के मामले में वांटेड था। पुलिस ने उस पर 25,000 रूपये का पुरस्कार घोषित किया हुआ था।
सीओ कोतवाली एएसपी अंतरिक्ष जैन ने बताया कि थाना लिसाडी गेट पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने वह जा रहा है। बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की गयी तो अभियुक्त मुनीर ने भागते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आत्मरक्षा करते हुए पुलिस ने भी गोली चलाई तो बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। उसे भी पकड़ने के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। पकड़े गये बदमाश पर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 5 मामले दर्ज है।
जानी क्षेत्र में गौकशी का आरोपी वसीम गिरफ्तार
मेरठ के जानी क्षेत्र में भी पुलिस ने 25 हजार रुपये के ईनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। ये अपराधी गौकशी की घटना को अंजाम देने का आरोपी था। जो कि पुलिस को काफी समय से चकमा दे रहा था। एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि जिले की जानी नहर पुल पर गौवंश के अवशेष मिले थे। पशु क्रूरता अधिनियम के तहत पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया, कई शामिल अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। वसीम कुरेशी लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था। जिस वजह से उस पर एसएसपी ने 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।
घायल बदमाश वसीम पुत्र इरशाद कुरैशी मूल रूप से गाजियाबाद जिले के मुरादनगर के हकीमपुरा का रहने वाला है। जबकि वर्तमान में वह आयशा मस्जिद के पास उंचा सद्दीक नगर लिसाडी गेट मेरठ में रह रहा है। वसीम पर 11 मुकदमे अलग-अलग थानों में दर्ज है। उसके पास से एक तमंचा .315 बोर और कारतूस बरामद किए गए है।
मुजफ्फरनगर में STF ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शूटर को दबोचा
नई मंडी क्षेत्र में बीते देर रात STF की मेरठ इकाई ने लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के शार्प शूटर रवि दौराला को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। बदमाश बेहद ही शातिर अपराधी है। उसके पास से एक पिस्टल के अलावा 7 कारतूस और एक बाइक बरामद की गई है।
STF के एएसपी ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि बदमाश रवि दौराला ने मुजफ्फरनगर में 11 लाख की लूट को अंजाम दिया था। जिसके बाद उस पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित हुआ। इससे पहले उसने दिल्ली में एक युवक से 4.50 लाख रूपये की लूट की थी, तब उस पर 25 हजार रुपये का इनाम रखा गया था।
एएसपी ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश दौराला के भगवानपुरी का रहने वाला है जो कि कुख्यात अपराधी लॉरेंस बिश्नोई के सन्नी काकरान का शार्प शूटर है। उन्होंने जानकारी दी कि सन्नी काकरान के कहने पर रवि ने 31 मई 2023 को कस्बा लावड़ मेरठ में कपड़ा व्यापारी स्वदेश विकल से 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी, रंगदारी न देने पर उसकी दुकान पर फायरिंग की थी। जिसमें व्यवसायी का बेटा घायल हुआ था, तब पुलिस ने रवि पर 50 हजार रूपये का ईनाम घोषित किया था।
इसी प्रकार 18 अप्रैल 2025 को रवि ने अपने साथी अरविन्द के साथ मिलकर नई मंडी जनपद मुजफ्फनगर में 11 लाख रुपये की लूट की घटना को अन्जाम दिया था। मेरठ के कंकरखेड़ा से मार्च महीने में इसने बुलेट लूटी थी। इस प्रकार से शातिर बदमाश पर कुल 21 मुकदमे अलग-अलग थाने में दर्ज है। पकड़े गए बदमाश पर मुजफ्फरनगर में 1 लाख रुपए और दिल्ली में 25 हजार का इनाम घोषित है।