प्रतापगढ़ गोलीकांड: 8 गैंगस्टर आरोपियों पर इनाम घोषित:एसपी दीपक भूकर ने 25-25 हजार रुपये का रखा इनाम
प्रतापगढ़ गोलीकांड के 16 आरोपियों में से गैंगस्टर एक्ट लगने के बाद फरार हुए आठ आरोपियों पर पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इन सभी आरोपियों के मोबाइल फोन बंद होने के कारण पुलिस को उनकी लोकेशन नहीं मिल पा रही है। मामला 17 जून को नगर कोतवाली क्षेत्र के बिहारगंज बाजार में हुए गोलीकांड से संबंधित है। इसमें चचेरे भाइयों को गोली मारी गई थी। अंतू थाने के हिस्ट्रीशीटर आममऊ ककरहा निवासी मस्सन अली सहित कुल 16 लोग आरोपी बनाए गए थे।
पिछले महीने शहर कोतवाल सुभाष यादव ने सभी 16 आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। इनमें मस्सन अली, उसके भाई अलीम उर्फ मोनू, इरशाद, हसन अली उर्फ सोनू, रियाज, नसीब, रिजवान उर्फ बब्लू, सहबान, नियाज, इरफान, राहिल, साहिल, समीर, शहजाद, तवरेज और शहरुख शामिल हैं।
गैंगस्टर एक्ट लगने की भनक लगते ही गोलीकांड में जमानत पर चल रहे आठ आरोपी इरशाद, हसन अली उर्फ सोनू, रियाज, नसीब, रिजवान, सहबान, नियाज और इरफान फरार हो गए। मामले की विवेचना कर रहे देहात कोतवाली एसओ पुष्पराज सिंह और शहर कोतवाल सुभाष यादव ने आरोपियों के घरों और उनके करीबी रिश्तेदारों के ठिकानों पर छापेमारी की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।
मोबाइल फोन बंद होने के कारण उनकी कोई लोकेशन न मिलने पर पुलिस अधीक्षक ने इन सभी आठ फरार आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया। विवेचक पुष्पराज सिंह ने बताया कि आरोपियों की लगातार तलाश की जा रही है और इनाम की राशि बढ़ाने की कार्रवाई भी विचाराधीन है।