प्रतापगढ़; कोहरे की धुंध में जमीन विवाद पर चले लाठी-डंडे, कई लोग गंभीर घायल, दो महिला समेत पांच पुलिस की गिरफ्त में
प्रतापगढ़ के महेशगंज थाना क्षेत्र के सराय खानदेव गांव में आबादी की जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हुई। लाठी-डंडों से हुई मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं सहित पांच लोगों को हिरासत में लिया है।
यह विवाद पुरानी कहासुनी से शुरू हुआ और देखते ही देखते खुले संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे लेकर एक-दूसरे पर टूट पड़े, जिससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस मारपीट में दोनों पक्षों के तीन से चार लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि झगड़े के दौरान कुछ लोग एक-दूसरे के घरों में घुस गए और वहां भी तोड़फोड़ व मारपीट की गई।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह दोनों पक्ष लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला कर रहे हैं। यह वीडियो कल का बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया। सूचना मिलते ही महेशगंज पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों को तत्काल महेशगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक गंभीर घायल को जिला मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
महेशगंज थानाध्यक्ष राधेश्याम ने बताया कि आबादी की जमीन की कब्जेदारी को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद और कहासुनी हुई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों से दो महिलाओं समेत पांच लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और वायरल वीडियो के आधार पर अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।