वेज थाली में खुद डाल दी हड्डी, फिर रेस्टोरेंट मालिक के साथ की बदसलूकी, CCTV ने खोल दी युवकों की पोल
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक रेस्टोरेंट में कुछ युवकों ने वेज थाली में हड्डी डाली और हंगामा कर दिया कि वेज थाली में हड्डी निकली है। मामला इतना बढ़ा कि मौके पर पुलिस तक पहुंच गई। पहले पुलिस ने मामले को शांत कराया। इसके बाद रेस्टोरेंट मालिक से होटल में लगे सीसीटीवी चेक करने के लिए कहा गया, जिसमें युवकों की पोल खुल गई। क्योंकि सीसीटीवी में साफ तौर पर दिख रहा है कि एक टेबल पर बैठे युवक ने थाली में से हड्डी उठा कर दूसरे युवक को दी और उस युवक ने वेज थाली में इस हड्डी को डाल दिया।
ये मामला गोरखपुर के शास्त्री चौक से सामने आया। यहां एक “बिरयानी बे” नाम का रेस्टोरेंट है। इस रेस्टोरेंट रोज सैकड़ों आते है। बृहस्पतिवार यानी 29 जुलाई को रात के समय 12 से 13 लोग रेस्टोरेंट में खाने के लिए पहुंचे। इनमें कुछ युवकों ने वेज, कुछ युवकों ने नॉन वेज खाना आर्डर किया। इसी बीच एक युवक ने वेज थाली में हड्डी मिलने का आरोप लगाते हंगामा शुरू कर दिया। आरोप लगाया कि इस रेस्टोरेंट में वेज थाली में हड्डी मिलाकर खाना सर्व किया जा रहा है. सावन के महीने में धर्म भ्रष्ट करने की कोशिश की जा रही है।
ज्यादा बिल आने पर किया हंगामा
हंगामा होता देख रेस्टोरेंट में मौजूद सभी लोग सकते में आ गए. होटल मालिक रविकर सिंह ने उन्हें समझाया, जब सभी युवक ज्यादा हंगामा करने लगे तो रेस्टोरेंट संचालक ने पुलिस को बुला लिया और पुलिस को बताया कि वेज और नॉन वेज दोनों तरह के खाने अलग-अलग बन रहे है। किसी के थाली में भी हड्डी नहीं गई तो इनकी थाली में कैसे कैसे चली। होटल संचालक ने कहा कि बिल ज्यादा आया है और ये लोग पैसा नहीं देना चाहते है। इसलिए हंगामा कर रहे है। पहले मौके पर पुलिस ने वहां की स्थिति और सीसीटीवी फुटेज देखे और लड़कों को होटल से बाहर कर दिया।
सीसीटीवी में कैद हो गया पूरा मामला
अब इस मामले में रेस्टोरेंट संचालक रविकर सिंह ने एक सीसीटीवी वीडियो जारी किया। वीडियो को दिखाकर उन्होंने बताया कि युवक खुद नॉनवेज प्लेट से हड्डी उठाकर वेज प्लेट में डाल रहा है। उन्होंने आगे कहा कि वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक युवक बीच में बैठे युवक को हड्डी का टुकड़ा पकड़ाता है, जो वेज खा रहे दोस्त की थाली में डाल देता है। रविकर सिंह ने बताया कि कई सालों से वह होटल चला रहे है। हमारा किसी की भावना को आहत करने का काम नहीं है, लेकिन कुछ लोग हमारी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे है। उन्होंने कहा कि वह इस मामले में पुलिस को लिखित शिकायत देंगे। ताकि इस तरह के झूठे आरोप लगाने वालों पर कानूनी कार्रवाई हो।