प्रयागराज में रिटायर्ड TCI प्रबंधक की हत्या
प्रयागराज। प्रयागराज में सोमवार को रिटायर्ड टीसीआई प्रबंधक की हत्या कर दी गई। साथ ही बचाव में आई पत्नी भी मरणासन्न हालत में है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। नैनी स्थित अवंतिका कॉलोनी में रहने वाले 65 वर्षीय अरुण कुमार श्रीवास्तव टीसीआई में प्रबंधक के पद से सेवानिवृत थे। वह अपनी 60 वर्षीय पत्नी मीना श्रीवास्तव के साथ रहते थे। उनका बड़ा बेटा मनीष कुमार मध्य प्रदेश के सीधी जिले में भारतीय स्टेट बैंक में कार्यरत है।
सोमवार को पति-पत्नी अकेले ही घर में थे। दोपहर करीब ढाई बजे किसी ने दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खुलते ही एक युवक ने दोनों के सिर पर वजनदार चीज से प्रहार किया, जिससे उनका सिर फट गया। अरुण श्रीवास्तव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।पुलिस पहुंची तो उनकी पत्नी मीना मरणासन्न हालत में मिलीं, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डीसीपी यमुनानगर के अनुसार प्रथम दृष्टया लूट के इरादे से यह वारदात लग रही है। जांच की जा रही है। हत्यारे की गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई है।