करंट लगने से नाले में बहे युवक-युवती का शव 27 घंटे बाद बरामद हुआ शव…
जौनपुर। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के मछलीशहर पड़ाव पर सोमवार शाम करंट लगने से मैनहोल में गिरे युवक-युवती का शव 27 घंटे बाद पठानटोलिया में मिला है। बारिश के दौरान बिजली के पोल के जरिए पानी में करंट उतर आया था, इसी दौरान वहां से गुजर रही युवती इसकी चपेट में आ गई थी। युवती को बचाने के लिए युवक आगे बढ़ा तो वह भी करंट की चपेट में आ गया था। इन दोनों को बचाने में रिक्शा चालक ने जान गंवा दी। इधर, युवक-युवती नाले में बह गए थे।
इस घटना से लोगों में प्रशासन के खिलाफ गहरी नाराजगी है। बता दें कि, जिले के लाइन बाजार क्षेत्र के मियांपुर मोहल्ला निवासी प्राची मिश्रा ब्यूटी पार्लर से पैदल घर के लिए निकली थी। मछलीशहर पड़ाव पर करंट की चपेट में आकर नाले में गिर गई। यह देख प्राची को बचाने के प्रयास में 18 वर्षीय समीर आगे बढ़ा। समीर फूलपुर, आजमगढ़ का रहने वाला था। प्राची को बचाने में समीर भी करंट की चपेट में आकर नाले में बहने लगा। वहां मौजूद ई रिक्शा चालक शिवा ने देखा तो दोनों को बचाने के लिए दौड़ा। इस कोशिश में शिवा भी करंट लगने से तड़पने लगा। शिवा की वहीं मौत हो गई।
इधर, प्राची और समीर के परिजन जानकारी मिलने पर घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस-प्रशासन के अफसर भी पहुंच गए। तब से परिजन भी वहीं डटे रहे। SDRF और प्रशासन की टीम खोजबीन में लगी हुई थी। मंगलवार रात नगर कोतवाली के पठान टोलिया से प्राची और समीर के बरामद हो गए। दोनों की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। सिटी मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह ने बताया कि बीते सोमवार को अत्यधिक बारिश के कारण करंट पानी में उतर आया था। चपेट में आकर प्राची झुलस गई थी, जिसको बचाने में पहले समीर और ई रिक्शा चालक भी चपेट में आ गए थे। करीब 27 घंटे के रेस्क्यू के बाद दोनों के शव मिले हैं। सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि डीएम ने सीआरओ और एसपी सिटी को जांच कर 24 घंटे के अंदर इसके लिए जिम्मेदार पर कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है।