प्यार का खौफनाक अंत; प्रेमिका ने की आत्महत्या की कोशिश, प्रेमी ने ट्रेन से कटकर दी जान
बरेली। सुभाषनगर थाना क्षेत्र में शादी के लिए परिजन तैयार नहीं हुए तो प्रेमिका ने फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। परिजनों ने उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया है। उधर प्रेमी को इसकी जानकारी हुई तो उसने फौरन ट्रेन के आगे कूद कर जान दे दी। पुलिस ने युवक के शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।थाना क्षेत्र के गांव अंगूरी टांडा निवासी गफ्फन गोस्वामी (30) का पड़ोसी युवती रश्मि गोस्वामी के साथ पिछले कई सालों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों परिवारों के विरोध के चलते शादी न होने से काफी आहत थे। निराशा में दोनों ने जान देने का फैसला कर लिया।
प्रेमिका ने मंगलवार की सुबह करीब छह बजे कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। परिजनों ने उसे आनन-फानन में फंदे से उतार कर निजी अस्पातल में भर्ती कराया। जहां पर उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उधर, प्रेमिका के फंदा लगाने की खबर मिलते ही प्रेमी गफ्फन ने ट्रेन के आगे कूद कर जान दे दिया। प्रेमी युगल एक ही बिरादरी के हैं। दोनों के घर आसपास ही हैं। सुभाषनगर थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह ही स्टेशन मास्टर कैंट रेलवे स्टेशन ने मेमो के जरिये सूचना दी कि उनके क्षेत्र में ट्रेन से कटकर युवक की मौत हो गई है। युवक की पहचान शव के पास मिले मोबाइल फोन से हुई। मृतक के परिजन युवती के घरवालों पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। सूचना मिलते ही मौके पर एसपी सिटी मानुष पारीक पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच कर जानकारी जुटाई।