सिर से गायब था मांस और टूटा था जबड़ा… पत्थरों से दबा दी लाश, कॉल आने पर खाना छोड़कर घर से निकला था मृतक
कानपुर के मसवानपुर में रविवार की शाम से लापता 18 वर्षीय युवक का शव घर से महज सौ कदम की दूरी पर पत्थरों से दबा हुआ मिला। बुधवार की सुबह बदबू आने पर आसपास के लोगों ने मौके पर जाकर देखा तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। युवक के सिर से मांस गायब और जबड़ा टूटा हुआ था। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घरवालों ने उसकी प्रेमिका के पिता और चाचा पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस प्रेमिका समेत तीन को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मसवानपुर के फर्रा मस्जिद के पीछे प्राइवेट कर्मी रज्जन गौतम परिवार के साथ रहते हैं। परिवार में पत्नी सुनीता और बेटियां पायल व नैना है जबकि बेटा सुमित था। वह तीन दिन से लापता था। बुधवार की सुबह क्षेत्र के लोगों को तालाब के पास बदबू आती महसूस हुई। इस पर नगर निगम कर्मियों को बुलवाया गया। क्षेत्र के लोगों ने नजदीक जाकर देखा तो कीचड़ के अंदर युवक का शव पड़ा था। उसके ऊपर कई पत्थर रखे गए थे। इस पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे रावतपुर इंस्पेक्टर केके मिश्रा, एडीसीपी कपिल देव सिंह, एसीपी कल्याणपुर रंजीत सिंह ने शव को बाहर निकलवाया। शव की शिनाख्त सुमित के रूप में हुई।