उत्तरप्रदेशवाराणसी संदिग्ध परिस्तिथियों में बेटी को लेकर ट्रेन के आगे कूदी पत्नी,पति के सामने उड़े चीथड़े By Pratibha Rajdar Last updated Mar 10, 2026 91 वाराणसी के जंसा थाना क्षेत्र के चौखंडी रेलवे क्राॅसिंग के पास सोमवार की दोपहर अनीता देवी (22) ने अपनी तीन साल की बेटी दर्शना के साथ सारनाथ एक्सप्रेस के सामने कूदकर जान दे दी। सहेली के पास जाना है… की बात कहते ही वह पति के सामने ही ट्रेन के आगे कूद गई। पास में मिठाई की दुकान पर खड़ा पति अजीत कुमार यह दृश्य देखते ही अचेत हो गया। जीआरपी ने मां-बेटी के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जीआरपी के अनुसार खुदकुशी की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजनों में मचा कोहराम जंसा थाना क्षेत्र के लच्छीपुर रामेश्वर गांव निवासी अजीत कुमार अपनी पत्नी अनीता देवी व बेटी दर्शना को लेकर बाइक से भाऊपुर बाजार में दवा दिलाने गया था। दवा लेने के बाद वह पत्नी अनीता को लेकर चौखंडी रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक मिष्ठान की दुकान पर पहुंचा, जहां जलपान के बाद अनीता ने पति से कहा कि उसे अपनी सहेली से मिलने जंसा जाना है। पति जब तक कुछ समझ पाता, तब तक वाराणसी से भदोही की तरफ जा रही सारनाथ एक्सप्रेस के सामने अनीता अपनी बेटी को लेकर कूद गई। घटनास्थल पर ही मां-बेटी की मौत हो गई। मिठाई की दुकान पर खड़ा पति यह मंजर देखते ही अचेत हो गया। कुछ देर बाद होश आया तो वह बेटी के शव के पास पहुंचकर बिलख उठा। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। स्टेशन अधीक्षक की सूचना पर जीआरपी भदोही ने पहुंचकर मां-बेटी के शवों को संरक्षण में लिया। परिजनों ने जीआरपी को बताया कि अजीत कुमार दूसरे प्रदेश में वेल्डिंग का काम करता था और पिछले दो महीने से घर पर ही था। अनीता के मायके (सत्तनपुर गांव) से भी परिजन पहुंच गए, लेकिन किसी को समझ नहीं आया कि अचानक अनीता ने यह कदम क्यों उठाया। कैंट जीआरपी इंस्पेक्टर राजोल नागर ने बताया कि खुदकुशी की वजह स्पष्ट नहीं है, मायके और ससुराल पक्ष से पूछताछ जारी है। समाचार 91 Share