बलरामपुर में आग में जली बस उत्तरप्रदेशबलरामपुर धधकती बस में छटपटा रहे महिलाएं और बच्चे की हुई दर्दनाक मौत: पहले ट्रक, फिर ट्रांसफार्मर से टकराकर आग का गोला बनी थी गाड़ी By Khulasa India News Desk On Dec 3, 2025 68 बलरामपुर में दर्दनाक हादसा हुआ। कोतवाली देहात इलाके के फुलवरिया बाईपास पर सोमवार देर रात करीब 2:15 बजे सोनौली से दिल्ली जा रही निजी बस से ट्रक की टक्कर हो गई। इससे बस में आग लग गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 यात्री झुलस गए। महराजगंज जिले के नेपाल से लगते सोनौली बॉर्डर से सोमवार शाम बस (यूपी 22 एटी, 0245) यात्रियों को लेकर दिल्ली जा रही थी। देर रात फुलवरिया बाईपास पर ओवरब्रिज से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक (यूपी 21 डीटी, 5237) बस से टकरा गया। इससे बस पास के ही ट्रांसफार्मर से टकराई और फिर आग का गोला बन गई। हादसे में दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। एक शव ट्रक के नीचे दबा मिला। मृतकों में से एक की पहचान राधा पत्नी लालबहादुर, निवासी गुल्मी (नेपाल) के रूप में हुई है। जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन और पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने मंगलवार सुबह संयुक्त जिला अस्पताल में भर्ती 19 यात्रियों का हाल जाना। एसपी विकास कुमार ने बताया कि हर पहलू की जांच कराई जा रही है। प्राथमिक तौर पर आशंका जताई गई है कि बस की रफ्तार अधिक थी। ओवरब्रिज से उतरने के बाद वह रफ्तार में ही आगे बढ़ी। बस चौराहे से आगे नहीं निकल सकी थी। इसी दौरान उससे ट्रक की टक्कर हो गई। आशंका इस बात की भी है कि ब्रेक फेल हो गया हो या चालक को झपकी आई हो। फोरेंसिक टीम ने मौके पर साक्ष्य जुटाए हैं। बस के फ्यूल टैंक से आग भड़कने की बात सामने आ रही है। पुलवरिया बाईपास पर सोमवार देर रात सड़क हादसे का मंजर भयावह था। चीख-पुकार के बीच धू-धू कर जलती बस देखकर स्थानीय लोग सहम गए। बड़ी अनहोनी की आशंका में बचाव के लिए घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। इस बीच पहुंची पुलिस टीम की मदद से बस में फंसे यात्रियों को निकालने का प्रयास शुरू हुआ। ऊनी कपड़ों से लदे ट्रक की टक्कर के बाद यात्री बस बिजली के पोल से टकरा गई, जिससे ट्रक व बस में आग लग गई। अंधेरे में अचानक उठी लपटें और यात्रियों की चीख सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल पड़े। भड़कती लपटों के कारण कोई बस के पास नहीं जा पा रहा था। बस के अंदर फंसे यात्री मदद की गुहार लगाते रहे। कोई खिड़की तोड़ने की कोशिश कर रहा था, तो कोई सीटों के बीच फंसा हुआ कराह रहा था। धुआं इतना अधिक था कि मौके पर खड़े लोगों की हालत भी खराब होने लगी। कुछ यात्री खुद खिड़की तोड़कर बाहर निकले। महिलाएं और बच्चों को बस के अंदर छटपटाता देख स्थानीय लोगों ने बस के शीशे तोड़ने शुरू किए। बस के अंदर फंसे यात्रियों को किसी तरह से बाहर निकाला। बदहवास मां की गोद में सिमटी रही मासूम हादसे में जो बस जली उसकी एक सीट पर नेपाल के गुलमी निवासी शिव बहादुर पत्नी पूर्णिमा एवं 18 माह की बेटी शिवांगी के साथ बैठे थे। बस से ट्रक टकराया तो शिव बहादुर सीट से नीचे गिर गए। उन्होंने बताया कि पांच सेकंड तक करंट लगने जैसा महसूस हुआ उसके बाद वह बेहोश हो गए। उन्हें कुछ पता नहीं चला। वहीं, पूर्णिमा ने बताया कि घटना के बाद कुछ देर तक उन्हें भी होश नहीं था। होश आने पर महसूस हुआ कि बेटी शिवांगी गोद में सिमटी हुई है। लोगों ने बस से हम तीनों को बाहर निकाला और आनन-फानन एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। बेटी और पति सही सलामत हैं। छह दमकल व दो क्रेन बचाव कार्य में जुटे हादसे के बाद छह दमकल और दो क्रेन के सहारे राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दो क्रेन की मदद से बस और ट्रक को घटनास्थल से हटाया गया। गाड़ी छोड़ बाइक से घटनास्थल पर पहुंचे एएसपी हादसे की सूचना मिलने पर एएसपी विशाल पांडेय ने चालक का इंतजार नहीं किया। वह गाड़ी छोड़कर बाइक से ही घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। इससे वह दस मिनट के अंदर ही घटनास्थल पर पहुंच गए। इसके बाद राहत और बचाव कार्य ने तेजी पकड़ी। हर तरफ बचाओ-बचाओ की चीख, धुएं में डूबा रहा क्षेत्र फुलवरिया बाईपास पर सोमवार देर रात सड़क हादसे का मंजर भयावह था। चीख-पुकार के बीच धू-धू कर जलती बस देखकर स्थानीय लोग सहम गए। 19 का जिला अस्पताल में चल रहा इलाज संयुक्त जिला अस्पताल बलरामपुर में 19 घायलों को भर्ती कराया गया है। एक घायल का उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है। जिला अस्पताल में शिव बहादुर परिहार (30), अनिल बहादुर (16), सरस्वती पौडेल (24) निवासी बुटवल, पूर्णिमा परिहार (24) निवासी गुल्मी (सभी नेपाल), खारुल बसर (24) व नौशाद अली (30) निवासी सुपौल बिहार, विक्रम (27) निवासी नीलूखेड़ी हरियाणा सहित 19 को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में घायलों को पहले संयुक्त जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से गंभीर रूप से घायल कृष्ण बहादुर (58) निवासी नवलपरासी, विष्णु माया (52) निवासी नवलपुर, अनिल बहादुर (16), दिवाकर (42) व धन कुमारी (60) निवासी बुटवल (नेपाल) को बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। कृष्ण बहादुर (58) निवासी नवलपरासी (नेपाल) की स्थिति गंभीर होने पर लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। चौराहे के पास ट्रांसफार्मर व पोल बनते हैं दुर्घटना के कारण फुलवरिया बाइपास चौराहे के चारों तरफ सड़क के किनारे ही ट्रांसफार्मर लगे हुए हैं। कुछ विद्युत पोल तो सड़क से सटे हुए हैं। इस कारण यहां आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं। सोमवार देर रात भी ट्रक से टकराने के बाद बस विद्युत पोल से भिड़ गई। प्रत्यक्षदर्शी बीडी जायसवाल एवं प्रशांत मौर्य ने बताया कि विद्युत तार की चपेट में आने से बस में आग लगी। संयोग रहा कि तार टूटने से बिजली गुल हो गई, जिससे बस सवार यात्रियों की जान बच गई। हादसा 68 Share