12वीं की छात्रा की आशिक ने गोली मारकर की हत्या:एकतरफा प्यार में घर में घुसकर वारदात को दिया अंजाम
यूपी के बस्ती में एकतरफा प्यार में प्रेमी ने 12वीं की छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी। सोमवार देर रात छात्रा अपने घर में सो रही थी। तभी सिरफिरा आशिक घर पहुंचा। पीछे के रास्ते घर में दाखिल हुआ। छात्रा के पास पहुंचकर फायरिंग कर दी। एक गोली छात्रा के सिर और दूसरी गर्दन में लगी।
फायरिंग की आवाज सुनकर परिवार वाले जाग गए। भाई दौड़कर पहुंचा तो आरोपी ने तमंचा दिखाकर डराने-धमकाने लगा। उससे मारपीट की। भागने की कोशिश की तो मां रास्ते में आ गई। उन पर भी फायरिंग कर दी, लेकिन चूक गया। मां ने उसका पीछा किया, लेकिन आरोपी भागने में कामयाब हो गया।
भाई ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की छानबीन की। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। छात्रा की मां-भाई से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि पिछले साल आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। तब से वह फरार था। घटना कलवारी थाना क्षेत्र की है।

अब जानिए पूरा मामला …
पुलिस के मुताबिक, लड़की के पिता पंजाब में नौकरी करते हैं। गांव में मां और भाई के साथ रहती है। भाई ग्रेजुएशन कर रहा है, जबकि लड़की 12वीं बोर्ड के पेपर दे रही थी। मां ने बताया- सोमवार रात को हम लोग खाना खाकर सो गए थे। मेरा बेटा और बेटी घर के भीतर सोए थे। मैं बाहर सो रही थी। रात के करीब एक बजे गोली चलने की आवाज सुनाई दी।
मां ने बताया- मैं जैसे ही उठी तो हमलावर ने मेरे पीठ पर मुक्के से मारा और मेरे ऊपर गोली चलाई, लेकिन गोली मिस हो गई। मैंने उसे दौड़ाया, लेकिन वह भाग गया। अंदर जाकर देखा तो बेटी को सिर और गर्दन में गोली लगी थी। वह खून से लथपथ अपनी चारपाई पर पड़ी थी। पास में बेटा भी घायल पड़ा था।
उन्होंने बताया कि मैंने अपने बेटे से पूछा तो उसने बताया कि मंदीप ने बहन को गोली मार दी। मैंने बचाने की कोशिश की तो मेरे सिर पर तमंचे से हमला कर दिया। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने परिवार की तहरीर पर मामला दर्ज कर आरोपी तलाश शुरू की दी है।
दो साल से लड़की को परेशान कर रहा था, नशीला पदार्थ मिलाकर साथ संबंध बनाए थे
मां ने बताया कि आरोपी मंदीप हमारे गांव में ही रहता है। पिछले दो साल से मेरी बेटी को परेशान कर रहा था। कुछ महीने बेटी से नशीला पदार्थ मिलाकर संबंध बनाए थे। तस्वीरें खींंच ली थीं। वीडियो बनाए थे। इसके बाद वह उस पर शादी करने के लिए दबाव बनाने लगा। एक बार जबरदस्ती उसे अपने साथ मंदिर में शादी करने ले जा रहा था। कहा रहा था- शादी नहीं करोगी तो जहर खा लूंगा। तुम्हे भी मार दूंगा। तब हम लोगों ने किसी तरह अपनी बेटी को उसके चंगुल से छुड़ाया था।
चार महीने पहले अश्लील फोटो-वीडियो कर दिए थे वायरल
मां ने बताया- बेटी उससे दूर रहने लगी तो वह उसके फोटो वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा। 18 दिसंबर 2025 को मंदीप ने कुछ अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। इस मामले में मैंने कलवारी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था, जिसमें बाद में दुष्कर्म की धारा भी जोड़ी थी। मामला दर्ज होने के बाद आरोपी घर छोड़कर भाग गया था। आरोपी मंदीप एक दिन पहले ही गांव लौटा था। सोमवार देर रात घर में घुसकर घटना को अंजाम दे दिया।
एएसपी श्यामाकांत ने बताया-
शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया गया है। परिजनों से तहरीर लेकर कार्रवाई की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है।