जगन्नाथ पुरी से लौट रहे 6 की मौत:100 की स्पीड में ट्रक ने 2 ऑटो को मारी टक्कर
आगरा में तेज रफ्तार ट्रक ने जगन्नाथ पुरी से लौट रही सवारियों से भरे 2 ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के बाद लोगों ने आरोपी ट्रक चालक को पकड़कर पिटाई कर दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ऑटो उछलकर सड़क किनारे करीब 10 फीट दूर पेड़ से टकरा गए। फिर गड्ढे में जाकर पलट गए। लोगों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। टेंपो बुरी तरह डैमेज होकर दो हिस्स्सों में बंट गया। उसकी छत तक उड़ गई।
टेंपो सवार सभी लोग हाथरस जिले के एक ही गांव के रहने वाले थे। वे जगन्नाथ पुरी से दर्शन कर लौटे थे। आगरा स्टेशन से अपने गांव जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक ड्राइवर नशे में था। 100 की रफ्तार में जलेसर रोड की तरफ से लहराते हुए ट्रक आ रहा था। पहले एक ऑटो को टक्कर मारी। उसे 50 मीटर तक घसीटते ले गया। इसके बाद दूसरे ऑटो को टक्कर मार दी।
एडीसीपी आदित्य कुमार ने बताया- हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा खंदौली थाना क्षेत्र में जलेसर रोड पर शनिवार सुबह 11 बजे हुआ।
अब पूरी घटना समझिए
हाथरस के थाना सहपऊ क्षेत्र के भादऊ गांव निवासी आठ लोग बिजो, लख्मीचंद, रणवीर सिंह, बिल्ला मिस्त्री, धनप्रसाद, विजय सिंह, उदयवीर सिंह और रामदत्त 20 जनवरी को जगन्नाथ पुरी दर्शन के लिए गए थे। दर्शन करने के बाद सभी शनिवार को जबलपुर होते हुए आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचे। सभी ने अपने गांव के लिए 2 ऑटो बुक किए।
एक ऑटो शहीद खान चला रहा था। दूसरे के चालक की पहचान होना बाकी है। रामदत्त दवा लेने के लिए रास्ते में उतर गए। थोड़ी देर बाद नगला चंदन जलेसर रोड पर सामने से आ रहे ट्रक ने ऑटो को टक्कर मार दी। पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। धनप्रसाद और विजय गंभीर रूप से घायल हो गए। इनकी हालत गंभीर बनी हुई है। रणवीर रिटायर्ड दारोगा बताए जा रहे हैं।
राजा मंडी स्टेशन पर उतर गया, नहीं तो मैं भी बच नहीं पाता
इसी ग्रुप का एक युवक राम अवतार रास्ते में एक स्टेशन पहले ही उतर गया था। दैनिक भास्कर ने बात करते हुए राम अवतार ने बताया- 20 जनवरी को हमारे गांव के 8 लोग एक साथ जगन्नाथ पुरी की यात्रा पर निकले थे। पुरी दर्शन के बाद हम सभी जबलपुर गए और वहां शोलेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित यज्ञ में भाग लिया।
इसके बाद 29 जनवरी को चित्रकूट गए। वहां से 30 जनवरी को हम महाकौशल एक्सप्रेस से आगरा के लिए रवाना हुए। सभी को राजा मंडी स्टेशन पर उतरना था, लेकिन हमारे ग्रुप के 7 साथी राजा मंडी से पहले ही आगरा कैंट स्टेशन पर उतर गए।
पत्नी की दवा लेने के लिए राजा मंडी स्टेशन पर उतरे
राम अवतार ने बताया- मुझे अपनी पत्नी की दवा लेने के लिए राजा मंडी स्टेशन पर ही उतरना पड़ा। दवा लेने के दौरान ही मुझे गांव से फोन आया कि एक्सीडेंट हो गया है। मैं तुरंत एसएन मेडिकल पहुंचा। वहां मेरे 4 साथी खून से लथपथ पड़े थे। अगर मैं भी कैंट स्टेशन पर उतरता, तो शायद मैं भी उनके साथ हादसे का शिकार हो जाता।
एडिशनल सीपी राम बदन सिंह ने बताया-
दुखद घटना है। जानकारी के मुताबिक, दो ऑटो वाले ओवरटेक कर रहे थे। तभी सामने से डंपर आ गया था। जिससे एक्सीडेंट हो गया था। इसमें 6 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 4 लोग घायल हैं। ड्राइवर को पकड़ लिया गया है। उसका मेडिकल कराया जा रहा है। सभी यात्री जगन्नाथपुरी के दर्शन करके लौट रहे थे।