9.5 करोड़ की GST चोरी करने वाली चीनी महिला और कंपनी का डायरेक्टर गिरफ्तार, डिस्प्ले बनाने वाली कंपनी की आड़ में 5 साल से कर रहे थे टैक्स की चोरी
मेरठ। वस्तु सेवा कर (GST) चोरी के आरोप में चीनी महिला समेत दो लोगों को नोएडा में गिरफ्तार किया गया है। दोनों को बुधवार को मेरठ जीएसटी कोर्ट में पेश किया गया। दोनों ने नोएडा में TV स्क्रीन बनाने की कंपनी की आड़ में हेरफेर करते हुए जीएसटी चोरी की है। गिरफ्तार की गई चीनी महिला कंपनी की हैंडलर थी, जिसका नाम एलिस ली है। वहीं, कंपनी का डायरेक्टर विनय कुमार है। इस कंपनी के और डायरेक्टर चीन में हैं।
मेरठ जीएसटी कोर्ट में पेश किए गए दोनों।
मेरठ जीएसटी कोर्ट में कंपनी के निदेशक और उसकी सहयोगी चीनी महिला को लेकर मेरठ कोर्ट पहुंचे जीएसटी के कर अपवंचन अधिकारी (सीजीएसटी) सुधीर प्रकाश काला ने बताया कि दोनों बेहद ही शातिर हैं। ये लोग नोएडा में वीडियो डिस्प्ले यूनिट बनाने का काम करते हैं। जिस पर नियम के मुताबिक 28 फीसदी जीएसटी लगती है। लेकिन दोनों ने बेहद ही सुनियोजित तरीके से अपने उत्पाद पर सिर्फ 18 फीसदी जीएसटी ही चुकाई थी। इन्होंने दो तरह से टैक्स की चोरी की है।
गलत इनवाइस बनाते थे।
जीएसटी ऑफिसर ने बताया कि ये लोग अंडर इनवॉयसिंग कर रहे थे। इसका मतलब है कि उत्पाद की जो कीमत है वह ज्यादा होती थी, जबकि उसकी इनवॉइस कम राशि की बनाते थे। इस प्रकार से दस्तावेजों में कम धनराशि दिखाते थे और फिर जीएसटी भी कम भरना पड़ता था। जबकि जिस पार्टी से डील करते थे उससे पूरे पैसे लेते थे। उन्होंने बताया कि ग्राहक से तो जैसे किसी प्रोडक्ट के पूरी धनराशि 50 हजार रुपये लेते थे, लेकिन ज़ब जीएसटी देनी होती थी तो उसके लिए वे सिर्फ इनवॉयस पर महज 5 या 6 हजार रुपये ही दर्शाते थे, वह भी 18 प्रतिशत की दर से।
गुप्त जगह भी बनाते थे उत्पाद।
सुधीर प्रकाश काला ने बताया कि ये चीन की रहने वाली महिला पूरे दिन कंपनी में इसी तरह से तमाम प्रोडक्ट की धनराशि को नकद राशि में लेकर एकत्र करती थी। इसके बाद उस धनराशि को चाइना में बैठे अपने आकाओं को भेज देती थी। इस कंपनी का 51 प्रतिशत का शेयर होल्डर विनय कुमार है। उसे भी इस रकम से 51 फीसदी रकम जा रही थी। सुधीर प्रकाश काला ने बताया कि जिस पते पर इन लोगों ने फैक्ट्री दस्तावेज में दिखाई थी। उसके अलावा गुप्त रूप से दूसरी जगह भी उत्पादन करके टैक्स चोरी क़र रहे थे। बड़ी ही गहनता से जांच के बाद ये लोग पकड़े गये हैं। उन्होंने बताया कि लगभग 9.50 करोड़ रुपये की जीएसटी का मामला है। वहीं, 27 करोड़ रुपये इन लोगों ने नकद लेकर टैक्स की चोरी की गई है।
2019 से कर रहे थे टैक्स चोरी।
दोनों को कोर्ट ने भेजा जेल।
लक्ष्य कुमार सिंह ने बताया कि न्यायालय ने चीन की महिला समेत कंपनी के डायरेक्टर विनय कुमार को 1 सितंबर तक ज्यूडिशियल कस्टडी में लेते हुए जेल भेजने का आदेश दिया है। इन्हें मेरठ की चौधरी चरण सिंह जिला कारागार में भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि हवाला के माध्यम से टैक्स चोरी करके रकम चीन भेजी जा रही थी। कंपनी के दो डायरेक्टर चाइना के हैं जो कि 49 फीसदी के पार्टनर हैं। वहीं, भारत के रहने वाले विनय कुमार 51 प्रतिशत के पार्टनर हैं। उन्होंने बताया कि बताया कि 5 करोड़ से ज्यादा के जो भी इस तरह के अपराध होते हैं उनमें जमानत का प्रावधान नहीं होता है। विशेष अभियोजन अधिकारी ने बताया कि चीनी महिला 2019 में भारत आई औऱ तभी से इस कंपनी में नौकरी क़र रही है। इससे पहले भी महिला जेल जा चुकी है।