‘मेरी बेटी का नहाते हुए वीडियो बनाया था’, रिश्तेदार का कत्ल कर ड्रम में डालकर जलाया; 18 माह बाद खुलासा
आगरा में दृश्यम जैसा हत्याकांड सामने आया है। नहाते हुए बेटी का अश्लील वीडियो बनाने वाले आरोपी की हत्या कर दी गई। पिता ने हत्या कर आरोपी के शव को ड्रम में डालकर खेत में जला दिया। 18 महीने बाद हत्याकांड का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है।बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन की फिल्म दृश्यम की कहानी आगरा के मलपुरा में दोहराई गई। फिल्म में अजय देवगन ने बेटी का वीडियो बनाने वाले युवक का शव ठिकाने लगाया था। वहीं, मलपुरा में एक पिता ने बेटी का नहाते हुए वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाले को दुकान पर बुलाकर उसकी हत्या कर दी। शव को ड्रम में ले जाकर खेत में जला दिया। मृतक के मोबाइल खारी नदी में फेंक दिए। शव मिलने पर भी परिजन शिनाख्त नहीं कर सके। छह महीने बाद कोर्ट के आदेश पर मुकदमा लिखा गया तो विवेचना हुई। डीएनए जांच रिपोर्ट में मृतक की पहचान होने पर पूरा मामला खुल गया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। 17 वर्षीय किशोर शादी समारोह में वीडियो बनाने का काम करता था। वर्ष 2023 में वह मलपुरा के एक गांव में आया था। तब अपने रिश्तेदार हलवाई के घर गया था। हलवाई की 16 वर्षीय बेटी का नहाते हुए वीडियो बना लिया। इसके बाद उसे ब्लैकमेल करके अपने पास बुलाने लगा।