छप्पर के नीचे सो रही वृद्धा की गला रेतकर हत्या, पति ने जताया चोरों पर शक
पैलानी के सिंधन कला गांव में एक वृद्धा की गला रेतकर हत्या कर दी गई। परिजन हाल में गांव में आए चोरों पर शक जता रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। बांदा जिले में पैलानी थाना क्षेत्र के सिंधन कला गांव में सोमवार देर रात एक वृद्धा की गला रेतकर हत्या कर दी गई। परिजनों का शक है कि हाल ही में गांव में आए चोरों ने ही वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने साक्ष्य जुटाए हैं। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मिली जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र में सोमवार मध्यरात्रि लगभग दो बजे घर के बाहर छप्पर के नीचे सो रही वृद्धा रामा (85) की हत्या कर दी गई। गले पर चाकू और तेज धार वाले हथियार से गहरे घाव मिले हैं। वारदात के समय रामा का पति गया प्रसाद कुशवाहा पास ही स्थित घर में सोया हुआ था और पत्नी छप्पर के नीचे चारपाई पर सोई हुई थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी अग्रिम कार्रवाई
पति ने बताया की एक दिन पहले गांव में चोर आए हुए थे। तभी वृद्धा रामा ने उन्हें आवाज लगाई थी। मानना है कि शायद चोरों ने ही घटना को अंजाम दिया हो। पैलानी थानाध्यक्ष सुखराम सिंह ने साक्ष्य जुटाने व पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की बात कही है।