दर्दनाक हादसा; पानी से भरे गड्ढे में गिरने से दो बच्चियों की मौत, एक की हालत गंभीर
गोरखपुर। गोरखपुर जिले के सिकरीगंज क्षेत्र में एक ईंट-भट्ठे के पास पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो बच्चियों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि सोमवार को दीया तिवारी (छह), अनुष्का गौड़ (आठ) और आर्यन तिवारी (आठ) स्कूल से लौटने के बाद पिडारी गांव में एक ईंट-भट्ठे के पास खेल रहे थे। उसने बताया कि यह गड्ढा ईंट बनाने के लिए खोदा गया था, जिसमें बारिश का पानी जमा था। पुलिस ने बताया कि खेलते समय दीया फिसलकर गड्ढे में गिर गई, उसे बचाने के प्रयास में आर्यन और अनुष्का भी पानी में कूद गए, लेकिन वे भी डूबने लगे।
उसने बताया कि शाम तक बच्चों के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और उन्हें पानी से भरे गड्ढे में पाया गया। पुलिस ने बताया कि तीनों को बाहर निकालकर पहले उरुवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, और बाद में गोरखपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों ने दीया और अनुष्का को मृत घोषित कर दिया, जबकि दीया के भाई आर्यन की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया है कि पीड़ित परिवारों को उचित उपचार और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राज करण नय्यर ने अस्पताल पहुंचकर बच्चों के परिजनों से मुलाकात की और स्थिति की जानकारी ली।