‘मैंने स्वीटी को मार डाला, पत्नी की हत्या कर इंजीनियर ने दोस्तों को भेजा Video, फिर उठाया खौफनाक कदम
गुरुग्राम में एक इंजीनियर दंपति, अजय और स्वीटी, का दुखद अंत हुआ। पुलिस की प्राथमिक जांच में आशंका है कि पति अजय ने पहले अपनी पत्नी की हत्या की और फिर खुदकुशी कर ली। अजय ने अपने दोस्तों को वीडियो भेजकर इस घटना की जानकारी दी थी। गुरुग्राम में एक इंजीनियर दंपत्ति का दुखद अंत हुआ है जिसमें संदेह जताया जा रहा है कि शख्स ने पहले अपनी पत्नी को मार डाला और फिर खुद भी खुदकुशी कर ली। पुलिस ने जब फ्लैट का दरवाजा तोड़ कर देखा तो दोनों की लाशें एक ही रूम में पड़ी हुईं थीं। पुलिस ने दोनों के शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं।
शख्स ने अपनी वाइफ की हत्या करने के बाद अपने दोस्तों को वीडियो भेजा था जिसमें उसने बताया था कि वह अपनी पत्नी की हत्या कर चुका है। इंजीनियर का नाम अजय कुमार था और वह उत्तर प्रदेश के प्रयागराज का रहने वाला है। वह साइबर सिटी में एक आईटी फर्म में काम करता था। वहीं उसकी वाइफ स्वीटी शर्मा पश्चिम बंगाल से थी। दोनों इंजीनियर शादी से पहले एक ही कंपनी में काम करते थे और लंबे प्रेम प्रसंग के बाद दोनों ने 2023 मे शादी कर ली थी। शादी के बाद कुछ समय तो उनका बहुत अच्छा गुजरा लेकिन बाद में उनके बीच झगड़े शुरू हो गए। जब झगड़े दोनों के बीच ज्यादा ही बढ़ गए तो उन्होंने अलग रहने का फैसला किया और करीब 1 साल दोनों पति-पत्नी अलग-अलग रहे।
कुछ समय पहले ही उन्होंने अपने रिश्ते को एक और मौका देने के बारे में सोचा। दोनों के परिवारों ने पुलिस को पूछताछ के दौरान बताया कि पति-पत्नी एक बार फिर साथ में रहने लगे। वह गुरुग्राम के मिलेनिया सेक्टर 37 में रह रहे थे। इस दौरान फिर से उनके बीच झगड़े बढ़ गए। रविवार को अजय ने अपने दोस्तों को एक वीडियो भेजा जिसमें उसने बताया कि वह अपनी जिंदगी खत्म करने वाला है। अजय के दोस्तों ने तुरंत अजय के रिश्तेदारों को फोन लगाया जो कि यूपी में रहते थे। उन्होंने तुरंत फैमिली को फोन लगाया और उन्हें अलर्ट किया। इतना ही नहीं वह रिश्तेदार आनन-फानन में अजय के फ्लैट पर पहुंचे। लेकिन, अजय के फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद था। उसके रिश्तेदारों ने पुलिस को पूरे मामले की सूचना दी जिसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर देखा तो अजय और स्वीटी की लाशें पड़ी हुई थीं।
अजय ने स्वीटी को मारा फिर…
पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि संभवतः अजय ने ही पहले स्वीटी को मारा है। क्योंकि उसने जो वीडियो अपने दोस्तों को भेजी थी उसमें इस बात का जिक्र किया है कि उसने स्वीटी को मार दिया है। इसके बाद उसने वीडियो में खुद की जिंदगी को भी खत्म करने की बात कही। स्वीटी की मां ने पुलिस को बताया कि उनकी बात बेटी स्वीटी से हुई थी और उस वक्त ड्रिलिंग का साउंड सुनाई दे रहा था जिस पर स्वीटी ने कहा था कि वह कॉल बैक करेगी। लेकिन फिर उसने कॉलबैक नहीं किया। उनकी मां ने कई कॉल्स किए लेकिन स्वीटी ने जवाब नहीं दिया। स्वीटी की मां ने आरोप लगाया है कि अजय ने ही उनकी बेटी की हत्या की है।
खुशहाल जिंदगी चाहता था शख्स
हालांकि अजय के पिता एक इलेक्ट्रिशियन है, वहीं स्वीटी की मां एक फर्नीचर शोरूम चलाती हैं। अजय के एक रिश्तेदार दीपक गुप्ता दिल्ली में रहते हैं, दीपक का कहना है कि अजय के पिता ने काफी मेहनत करके अजय को पढ़ाया लिखाया था और उन्हें बहुत खुशी होती थी अजय को एक अच्छी जगह जॉब करते हुए देखकर। वीडियो में अजय ने एक खुशहाल जिंदगी की उम्मीद लगाने की बात कही थी और वह बच्चे भी चाहता था। लेकिन, उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।