SDM के भाई का कत्ल: हाथों में पट्टी…शरीर पर चोट के निशान, दोस्तों संग यहां गया; कॉलेज में मिली लाश
बागपता के बड़ौत में एसडीएम के चचेरे भाई की हत्या कर दी गई। उसका शव कॉलेज में पड़ा मिला है। महावतपुर बावली का संयम दो दिन पहले दोस्तों के साथ हरिद्वार जाने की बात कहकर घर से गया था। शरीर पर कई चोट के निशान मिले हैं।यूपी के बागपत जिले के बड़ौत में युवक की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक युवक की पहचान राजस्थान के जयपुर की एसडीएम दीविका तोमर के चचेरे भाई संयम तोमर (20) निवासी महावतपुर बावली के रूप में हुई है। शव बृहस्पतिवार की सुबह जनता वैदिक डिग्री कॉलेज परिसर में डेयरी विभाग के पास पड़ा हुआ मिला। संयम के शरीर पर चोट के कई निशान भी मिले। इसमें पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही कॉलेज परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। शहर के जनता वैदिक डिग्री कॉलेज में डेयरी विभाग के पास कूड़ा डालने के लिए बनाए गए गड्ढे में बृहस्पतिवार सुबह एक युवक का अर्धनग्न हालत में शव पड़ा मिला। कॉलेज परिसर में सुबह की सैर करने आए लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी।