दंपती ने फंदा लगाकर की आत्महत्या, कमरे में ऐसी हालत में लटके मिले शव; छत पर सो रहे थे तीन मासूम बच्चे
अमरोहा का आदमपुर थाना इलाके में दंपती ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों के शव कमरे में ही लटके मिले। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है। वहीं परिजन कार्रवाई से इनकार कर रहे हैं। आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव सूबरा में विजय सिंह का परिवार रहता है। विजय मजदूरी और खेती-बड़ी करके परिवार का पालन पोषण करता था। गुरुवार को उसने परिवार के साथ खुशी-खुशी विजयदशमी का त्योहार मनाया था और अपने खेत में धान की कटाई भी की थी। रात में खाना खाने के बाद विजय (35) और उसकी पत्नी भूरी (32) दोनों कमरे में सो गए जबकि तीन बच्चे छत पर सो रहे थे। शुक्रवार के सुबह बड़ा बेटा आदेश छत से उतर कर नीचे पहुंचा तो कमरे की अंदर से कुंडी लगी हुई थी।
आदेश ने दरवाजा काफी खुलवाने का प्रयास किया लेकिन दरवाजा नहीं खोला जा सका। किसी भी तरह की प्रतिक्रिया कमरे के अंदर से सुनाई नहीं दी। इसके बाद आदेश गांव में ही रहने वाले चाचा संजीव को बुलाकर लाया। संजीव ने बताया कि बाहर से किसी तरीके से कुंडी तोड़कर अंदर देखा तो होश उड़ गए। दोनों के शव फंदे से लटके हुए थे। भूरी का शव दुपट्टे से लटका मिला और विजय का शव साड़ी से लटक रहा था। परिजनों ने पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों शवों को फंदे से उतार लिया। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। जांच पड़ताल की जा रही है। परिजनों ने किसी भी तरह की रंजिश होने और घर में किसी भी तरीके का विवाद होने की बात से इनकार किया है। सीओ दीप कुमार पंत का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।