पटाखा बाजार में लगी भीषण आग, पांच से छह दमकल की गाड़ियों ने संभाला मोर्चा, रेस्क्यू जारी
फतेहपुर जिले में दीपावली से ठीक पहले फतेहपुर शहर के लोधी गंज मैदान में लगे पटाखा बाजार में भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे इलाके में दहशत फैल गई। आग की सूचना मिलते ही पांच से छह दमकल की गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के प्रयास में जुट गईं। पटाखा बाजार होने के कारण आग तेज़ी से फैली, जिससे आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तुरंत बाजार के आसपास के क्षेत्र को खाली कराया, ताकि कोई बड़ा हादसा न हो। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। दमकल कर्मी आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं।
पुलिस के अनाउंसमेंट के बीच धमाके
यह घटना तब हुई जब पुलिसकर्मी बाजार में सुरक्षा के लिए अनाउंसमेंट कर रहे थे। पुलिसकर्मी माइक से लोगों को सुरक्षा और एहतियात बरतने की अपील कर रहे थे, तभी अचानक आग लगी और पटाखों में धमाके शुरू हो गए, जिससे भगदड़ मच गई। इस भीषण आग में पटाखों के स्टॉल जलकर राख हो गए, साथ ही बाजार में खड़े कई दोपहिया वाहन भी जल गए।