PCS परीक्षार्थी ने दी जान: ‘बस मजाक मत उड़ाना कि मैं तुमसे पीछे मर गया’, कमरे से मिला सुसाइड नोट
आगरा के थाना सदर के महादेव नगर में पीसीएस मुख्य परीक्षा की तैयारी कर रहे 24 वर्षीय सागर सिंह ने रविवार रात को घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसके कमरे से सुसाइड नोट मिला है, जिसमें मौत का जिम्मेदार तीन युवकों को ठहराया है। आगरा के महादेव नगर में रहने वाले सागर की आत्महत्या के मामले में पुलिस जांच कर रही है।
कमरे से पुलिस ने टेबल पर एक पेज पर लिखा सुसाइड नोट बरामद किया है। सागर ने अपनी माैत का जिम्मेदार तीन युवकों को ठहराया है। सुसाइड नोट में उनके नाम भी लिखे हैं। लिखा है कि केस के पैसे लिए। इसके बावजूद पलायन के लिए मजबूर किया। सारी रिकार्डिंग मोबाइल के एक फोल्डर में लिखी होगी। पुलिस ने युवती और सागर के रिश्ते के बारे में जानकारी के लिए परिजन से बात की। पता चला कि पहले सागर और युवती दोस्त थे।
दोनों शादी की भी बात कर रहे थे। हाल ही में युवती का रिश्ता कहीं और तय हो गया। इसकी जानकारी युवक को भी थी। अगस्त में युवती ने मृतक और उसके परिजन के खिलाफ घर में घुसकर छेड़छाड़, मारपीट और तेजाब से झुलसाने की कोशिश, धमकी के आरोप में केस दर्ज कराया था। इस केस में फाइनल रिपोर्ट लगी थी। अब सागर के मोबाइल को कब्जे में लिया गया है। इसमें युवती से हुई व्हाट्सएप चैट भी माैजूद है। उसे चेक किया जाएगा। अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।