बेटे का जन्मदिन पर मच गया मातम: आग ने छीन ली जिम्मेदार पिता की जान, धुएं से घुट गया था दम
शनिवार को अनूप का जन्मदिन था। होटल से बार-बार फोन आने की वजह से जन्मदिन मनाए बिना ही पुरुषोत्तम शुक्रवार को गोरखपुर लौट गए थे। रविवार सुबह होटल से फोन आया कि पुरुषोत्तम के साथ हादसा हो गया है। रविवार दोपहर में बेटा अनूप, पत्नी पूनम व भतीजा दीपू गोरखपुर पहुंचे।
वॉटर वेज रेस्टोरेंट में आग से जान गंवाने वाले पुरुषोत्तम के बेटे का शनिवार को जन्मदिन था। वह तीन दिन पहले छुट्टी पर गए थे लेकिन शुक्रवार को उनको लौटना पड़ा। एक दिन बाद ही आग ने उनकी जिंदगी छीन ली। बेटे अनूप ने बताया कि सहजनवां के बरईपार स्थित पैतृक जमीन को चाचा ने बेच दी थी।
इसको देखते हुए पूरा परिवार बलरामपुर के तुलसीपुर में ननिहाल में रहने लगा। नानी की तबीयत अक्सर खराब रहने के कारण पूरा परिवार वहीं जमीन लेकर रहने लगा। पिता पांच साल से रामगढ़ताल स्थित होटल में काम करते थे। तीन दिन पहले छुट्टी लेकर घर आए थे। शनिवार को अनूप का जन्मदिन था। होटल से बार-बार फोन आने की वजह से जन्मदिन मनाए बिना ही पुरुषोत्तम शुक्रवार को गोरखपुर लौट गए थे।
रविवार सुबह होटल से फोन आया कि पुरुषोत्तम के साथ हादसा हो गया है। रविवार दोपहर में बेटा अनूप, पत्नी पूनम व भतीजा दीपू गोरखपुर पहुंचे। पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुरुषोत्तम अपने पीछे बेटा अनूप (18) वर्ष व बेटी अनन्या (14) को छोड़ गए हैं। पोस्टमार्टम हाउस पर शव लेने भतीजा पप्पू व बेटा अनूप पहुंचे थे।