हर्ष फायरिंग से मचा कोहराम: बहन के पेट में लगी गोली, जान बचाने के लिए भाई बाइक पर ही लेकर पहुंचा अस्पताल, कुछ ही देर में हुई मौत
श्यामनगर में किराना दुकानदार अरशद की बेटी अक्सा की गोली लगने से मौत हो गई। लहूलुहान बहन को उसका भाई अब्दुल अस्पताल बाइक से लेकर पहुंचा, मगर उसे बचाया नहीं जा सका। दूल्हे समेत कई लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के श्यामनगर में सोमवार देर रात शादी के दौरान हर्ष फायरिंग में किराना दुकानदार अरशद की बेटी अक्सा (20) की पेट में गोली लगने से मौत हो गई। अक्सा ने इसी वर्ष इंटर पास किया था। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है। बरात में फायरिंग करने वाले बाकी लोग मौके से भाग गए। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें तलाश रही है। श्यामनगर 20 फुटा रोड निवासी अक्सा के भाई अब्दुल समद ने बताया कि कॉलोनी के हाजी शाहनवाज के बेटे सुहेल की बरात फफूंडा गांव के पास किंग पैलेस में जानी थी।
रात करीब 10 बजे चढ़त के दौरान कुछ बरातियों ने जमकर फायरिंग की। उनकी बहन अक्सा दादा यासीन के मकान की छत पर खड़ी बरात देख रही थी। अचानक एक गोली अक्सा के पेट में आकर लग गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। अब्दुल अपने एक साथी के साथ बहन को बाइक पर लेकर तुरंत बागपत रोड स्थित केएमसी अस्पताल पहुंचे। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।