विश्व विख्यात आदिशक्ति मैहर देवी और विंध्यवासिनी मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी, एजेंसियां अलर्ट
इस मामले में पूरी रात धमकी को लेकर पुलिस हलकान रही। देर रात पुलिस को धमकी मिली कि मां विंध्यवासिनी मंदिर में बम लगा दिया गया है। कुछ देर बाद उड़ा दिया जाएगा। मैहर देवी मंदिर को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली है। विश्व विख्यात आदिशक्ति मां विंध्यवासिनी मंदिर को सोमवार की आधी रात बम से उड़ाने की धमकी पुलिस को मिली।
112 पर कंट्रोल रूम को धमकी मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स बम डिस्पोजल स्क्वाड के साथ विन्ध्याचल पहुंची। देर रात तक विन्ध्यवासिनी मंदिर सहित, अष्टभुजा, कालीखोह मंदिरों की सघन जांच की गई। दूसरी तरफ फोन के माध्यम से ट्रेस कर धमकी देने वाले प्रयागराज निवासी युवक को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
लखनऊ कंट्रोल रूम ने यह जानकारी मिर्जापुर कंट्रोल रूम को आधी रात को दी। बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स, बम निरोधक दस्ता सहित रात 12:15 से लेकर रात्रि 2:00 बजे तक मां विंध्यवासिनी मंदिर,काली खोह मंदिर व मां अष्टभुजा देवी मंदिर प्रांगण में बम में तलाशी ली गई। इस दौरान सुरक्षा, सूचना और पुलिस के विभिन्न अंग मौजूद रहे। संयुक्त रूप से सघन अभियान चलाया गया।