प्रतापगढ़: चलती ट्रेन के डिब्बे के ऊपर चढ़ा सरफिरा युवक, किया हाई वोल्टेज ड्रामा, रोकनी पड़ी कई ट्रेनें
प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में शनिवार शाम करीब 4:30 बजे मां बेल्हा देवी धाम रेलवे स्टेशन के पास उस समय हड़कंप मच गया जब संत कबीर नगर निवासी मोहम्मद अनस नामक युवक चलती काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस ट्रेन के डिब्बे पर चढ़ गया। यह खतरनाक घटना नया माल गोदाम रोड के पास हुई।
युवक के ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन के करीब पहुंचते ही रेलवे कंट्रोल रूम ने तुरंत वाराणसी-लखनऊ रेल मार्ग की बिजली आपूर्ति बंद कर दी, जिससे करंट लगने से एक बड़ा हादसा टल गया और युवक की जान बच गई। युवक ने नीचे उतरने से साफ इनकार कर दिया।
इस कारण काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस ट्रेन सहित वाराणसी-लखनऊ रेल मार्ग पर कई अन्य ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा। करीब 40 मिनट तक रेलवे ट्रैक और आसपास के फाटकों पर लंबा जाम लगा रहा। सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे।
पुलिसकर्मियों ने युवक को समझाने और नीचे उतारने की काफी कोशिश की, लेकिन इस दौरान युवक ने पुलिसवालों से धक्का-मुक्की भी की। आखिरकार कड़ी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। युवक को हिरासत में लेकर जीआरपी पुलिस पूछताछ कर रही है। करीब 40 मिनट बाद काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस को प्रतापगढ़ जंक्शन से रवाना किया गया। इस घटना से यात्रियों और स्थानीय लोगों में काफी देर तक दहशत और तनाव बना रहा।