देवर बोला- भाभी मैं तुमसे प्यार करता हूं: कानपुर में एक तरफा प्यार में ममेरे भाई से कहा- मैं तुझे जान से मार दूंगा
कानपुर में एक तरफा प्रेम में दीवाने हुए प्रेमी ने अपने ही ममेरे भाई को जान से मारने की धमकी दे दी। उसने भाभी को मैसेज करके कहा कि वह उसके पति की हत्या कर देगा और इसके बाद उसे अपने पास विधवा बनाकर रखेगा। आरोपी की इस धमकी के बाद महिला के परिवार जन घबरा गए और अब थाने में शिकायत की है। महिला अपने पति के साथ कल्याणपुर थाने पहुंची और लिखित तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
8 महीने पहले हुई थी महिला की शादी
कल्याणपुर के आवास विकास-1 निवासी मनीष फास्ट फूड का ठेला लगाते हैं। उन्होंने 8 महीने पहले कल्याणपुर में रहने वाली एक युवती के साथ प्रेम विवाह किया था। उनकी शादी परिवार की मर्जी के बाद हुई थी और सभी रीति रिवाज परिवार की मौजूदगी में पूरे किए गए थे। अब महिला का प्रेमी लगातार उसे परेशान कर रहा है। मोबाइल में अश्लील मैसेज भेजने के साथ ही आरोपी उसके पति को जान से मारने की धमकी देता है। जिसके कारण पूरे परिवार में दहशत का माहौल बना हुआ है। पीड़िता ने अपने पति और मायके में जब यह बात बताई तो परिजनों ने कानूनी कार्रवाई करने की बात कही। पति की बुआ का बेटा है आरोपी। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी कौशिश उसके पति की बुआ का बेटा है। पहले उसकी शादी कौशिक के साथ ही हो रही थी।
लेकिन उसे वह लड़का पसंद नहीं था। वह अपने पति को पसंद करती थी और दोनों एक दूसरे से प्रेम भी करते थे। जब यह बात उनके घर के लोगों को पता चली तो सभी ने उनकी शादी करा दी। इसके बाद से ही आरोपी कौशिक उसके पीछे पड़ा है और आए दिन धमकी देता रहता है। जिसके कारण वह काफी घबराई हुई है।रुपए नहीं दिए तो अश्लील वीडियो की दी धमकी। पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसे आए दिन अश्लील मैसेज करता रहता था। इसके बाद आरोपी उससे 5000 रुपए मांगने लगा। जब उसने रुपए देने से इनकार किया तो आरोपी ने एआई से महिला के अश्लील वीडियो और फोटो बनाकर वायरल करने की धमकी दे डाली। आरोपी का कहना था कि वह उसके अश्लील वीडियो और फोटो परिवार और रिश्तेदारों को वायरल कर देगा और उसे बदनाम कर देगा। इसके बाद भी जब महिला ने उसकी बात नहीं सुनी तो वह उसके पति की हत्या करने की बात कह रहा है।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
कल्याणपुर थाना प्रभारी राजेंद्रकांत शुक्ला ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर मिल गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने पीड़ितों को आश्वासन दिया है कि पुलिस उन्हें पूरी सुरक्षा देगी। उनका कुछ भी अहित नहीं होने दिया जाएगा