कोर्ट जा रही महिला को पति ने पीटाः कानपुर में बहन के साथ जा रही थी, दोस्तों के साथ पति ने हमला किया
कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में बहन के साथ कोर्ट जा रही महिला के साथ उसके पति ने मारपीट की। पीड़िता अपनी बहन के साथ कोर्ट जा रही थी, इसी दौरान उसका आरोपी पति अपने साथियों के साथ वहां आ गया और उसके धमकाया। पत्नी ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके और उसके पति के साथ मारपीट शुरू कर दी। जिसके बाद पीड़िता ने 112 नंबर पर सूचना दी और पुलिस चौकी पहुंचकर आरोपी पति के खिलाफ शिकायत दी। वहीं पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
एक साल पहले हुई थी शादी
कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर निवासी महेश्वरी देवी ने बताया कि एक साल पहले उनकी बेटी तान्या की शादी इंद्रा नगर निवासी शिवम कटियार के साथ हुई थी। लेकिन शादी के बाद से ही आरोपी शिवम उनकी बेटी के साथ मारपीट करने लगा और दहेज की मांग करता था।
लेकिन उनके पति नहीं हैं और उनकी बेटी तान्या ही प्राइवेट नौकरी करके घर का खर्च चलाती थी। इसलिए वह अपने दामाद की मांग पूरी नहीं कर पाई। जिसके बाद आरोपियों ने उनकी बेटी तान्या के साथ मारपीट करके उसे घर से निकाल दिया। तान्या जब दुबारा ससुराल गई तो आरोपियों ने उसे रखने से मना कर दिया।
कोर्ट में चल रहा है दहेज का मुकदमा
पीड़िता ने बताया कि उसकी बेटी तान्या का अपने पति के साथ दहेज एक्ट का मुकदमा चल रहा है। इसीलिए वह अपनी छोटी बहन के साथ कोर्ट जा रही थी। इसी दौरान आरोपी दामाद अपने कुछ साथियों केस साथ वहां आ गया और उनकी दोनों बेटियों के साथ मारपीट की।
आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और मुकदमा वापस लेने को कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी कल्याणपुर रेलवे क्रासिंग के पास पहले से घात लगाकर बैठा था और उनकी बेटियों को देखते ही उन पर हमला कर दिया। जैसे-तैसे उनकी बेटियों ने आरोपियों से अपनी जान बचाई।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
थाना प्रभारी राजेंद्र कांत शुक्ला ने बताया कि पीड़ितों की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। आरोपी के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेजा गया है। उन्होंने बताया कि दोनों के बीच कोर्ट में मामला विचाराधीन है।