पेड़ से बांधकर पीटा… जूतों की माला पहनाई, औरैया में लव मैरिज की थी, पत्नी के ननिहाल वालों ने पति को बेइज्जत किया
औरैया में लव मैरिज से खफा लड़की के रिश्तेदारों ने उसके पति को पेड़ से बांधकर पीटा। इसके बाद उसे गांववालों के सामने जूते-चप्पलों की माला पहनाई। हंसते हुए इसका वीडियो भी बनाया। युवक का कहना है कि मुझे गांववालों के सामने पीटा गया। भीड़ के सामने बेइज्जत किया गया। हम दोनों ने अपनी मर्जी से लव मैरिज की थी। कोई गुनाह नहीं किया था। यह घटना 5 दिसंबर को हुई थी, जिसका वीडियो आज सामने आया। पुलिस ने मामले में पीड़ित युवक की शिकायत पर गुरुवार को 4 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इटावा के थाना भरथना क्षेत्र के एक गांव में एक युवक रहता है। उसके पिता खेती-किसानी करते हैं, जिसमें युवक भी हाथ बंटाता है। पिता ने बताया- मेरे बेटे का भरथना के बोझा सरावा की रहने वाली लड़की से अफेयर था। हम लोगों को कोई आपत्ति नहीं थी, लेकिन लड़की वाले विरोध कर रहे थे। इसके चलते 29 नवंबर को उसने आर्य समाज से लड़की से शादी कर ली थी। इसके बाद बेटा बहू हमारे साथ रहने लगे।बहू ने शादी के बाद अपने ननिहाल औरैया के थाना फफूंद क्षेत्र के रामपुर कुंवर गांव में नाना हेतराम के घर चलने को कहा। हम लोगों ने दोनों को 5 दिसंबर को बाइक से बहू की ननिहाल भेज दिया।
ननिहाल वालों ने बंधक बनाया
युवक के पिता का कहना है- उसके बाद लौटते समय दोपहर 2 से 4 बजे के बीच ननिहाल वालों ने बेटे को रास्ते में रोक लिया। इसके बाद बेटे को बंधक बना लिया। उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद उसे रस्सी से पेड़ से बांध दिया।
मारपीट के बाद जूतों की माला पहनाई
इससे भी उन लोगों का मन नहीं भरा तो बेइज्जती करने के लिए बेटे को जूते-चप्पल की माला पहना दी। करीब एक घंटे तक उसे इसी हालत में रखकर वीडियो बनाते रहे और हंसते रहे। इसी बीच किसी ने पुलिस को खबर दे दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बेटे को उन लोगों के चंगुल से छुड़ाया। जिन्होंने बंधक बनाया, उन्होंने ही वायरल किया वीडियो पिता का आरोप है कि बेटे की शिकायत पर पुलिस ने कोई एक्शन नहीं लिया। इससे आरोपियों की हिम्मत बढ़ गई। इसके बाद आरोपियों ने 17 दिसंबर को बेटे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस बात का पता चलते ही बेटा मानसिक तनाव में आ गया। पुलिस को मामले की शिकायत दी गई। वहीं, सीओ अजीतमल सृष्टि मिश्रा ने बताया- पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है। रामपुर कुंवर के रहने वाले दीपू उर्फ दीपेंद्र, प्रेमचंद्र और हाशिम को गिरफ्तार किया गया है।