उत्तरप्रदेश 10 मिनट बचाने के चक्कर में रेल पटरी पार करते समय गरीब रथ एक्सप्रेस से टकरा गई बाइक, दंपती व 2 बच्चों समेत पांच की मौत By Pratibha Rajdar Last updated Dec 26, 2025 311 लखीमपुर खीरी जनपद के बनका गांव निवासी हरिओम बुधवार को अपनी मां मायादेवी को लेकर रोजा कस्बे की मठिया कॉलोनी पिता के पास गए थे, वहां उनके साढ़ू निगोही के विकनापुर निवासी सेठपाल अपनी पत्नी पूजा, पांच वर्षीय बेटे सूर्यांश और डेढ़ वर्षीय बेटी निधि के साथ वहां पहुंचे। कुछ देर बातचीत के बाद हरिओम सभी को बाइक से बुध बाजार ले गए। खरीदारी के बाद शाम करीब 6.15 बजे सभी लोग मठिया कॉलोनी लौट रहे थे। जानकारी के अनुसार, कॉलोनी पहुंचने के लिए उन्हें ओवरब्रिज का इस्तेमाल करना चाहिए था, लेकिन करीब 10 मिनट बचाने के चक्कर में हरिओम ने शॉर्टकट अपनाया और रोजा जंक्शन के पास वरिष्ठ खंड अभियंता कार्यालय के सामने पटरी पर बाइक चढ़ा दी। इसी दौरान अमृतसर से सहरसा जा रही गरीब रथ एक्सप्रेस तेज रफ्तार में आ गई। ट्रेन रोजा जंक्शन पर नहीं रुकती, जिससे चालक को संभलने का मौका नहीं मिला और बाइक सीधे ट्रेन से टकरा गई। घटना के बाद आरपीएफ और जीआरपी मौके पर पहुंची, लेकिन शवों की पहचान करना मुश्किल हो गया। बाद में कपड़ों के टुकड़ों और बाइक की नंबर प्लेट से शिनाख्त की जा सकी समाचार 311 Share