सहारनपुर में बड़ा हादसा:पेड़ से टकराकर बीच सड़क आ गिरी कार,चार की मौत, चेहरे भी हुए चकनाचूर
सहारनपुर के शाकंभरी देवी रोड पर शनिवार की शाम हुए भीषण सड़क हादसे की वजह कार की तेज रफ्तार मानी जा रही है। सड़क पर जिस जगह हादसा हुआ वहां तीव्र मोड़ है। चालक तेज रफ्तार के चलते कार पर नियंत्रण खो बैठा और कार लोहे के पोल से टकराते हुए पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सवार दो लोग तो छिटक कर बाहर जा गिरे जबकि दो के शव अंदर ही फंसे रह गए। एक बारगी ऐसा लगा जैसे कहीं बम फट गया हो। धमाके की आवाज सुनकर आस पास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। दो लोगों के शव सड़क पर क्षत विक्षत हालत में पड़े थे, जिनके चेहरे भी पहचाने नहीं जा रहे थे। अंदर कार में फंसे दो लोगों को भी पुलिस की मदद से लोगों ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़, चारों अपने घर में इकलौते थे कमाने वाले
हादसे की खबर के बाद लोग उनके घर सांत्वना देने पहुंचने लगे। तीसरा मृतक जितेंद्र इनका सगा मौसा था। वह बेहट के मोहल्ला माजरी में पिछले 15 साल से घर जमाई रह रहा था। वह रंगाई पुताई का काम करता था। उसकी चार बेटियां हैं। इनमें सबसे बड़ी जिया 15 साल, अनुष्का 12, सिमरन छह और सबसे छोटी इंदु चार साल की है। चौथा मृतक सोनू हलवाई का काम करता था। सोनू, मनीष का दोस्त था। उसे चार छोटे बच्चे हैं। सभी मृतक अपने परिवारों में कमाने वाले अकेले व्यक्ति थे। उनकी मौत के बाद परिजनों के सामने भरण पोषण का संकट खड़ा हो गया है।
जाते-जाते जख्म दे गया 2025 का साल
साल के आखिरी सप्ताह में यह दिसंबर माह का सबसे बड़ा हादसा है, जिसमें चार लोग अकाल मौत का शिकार बन गए। इससे पहले नवंबर में 28 नवंबर को गागलहेड़ी थाने के सोना सैयद मजरा में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर बजरी से भरा डंपर कार पर पलटने से सोना गांव निवासी संदीप सहित उसके सात परिजनों की मौत हो गई थी।
पेड़ से टकराई बेकाबू कार, दो सगे भाइयों समेत चार की मौत
सहारनपुर के बेहट में शाकंभरी देवी रोड पर फतेहपुर कलां गांव के पास मोड़ पर शनिवार को भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार सड़क किनारे खड़े लोहे के पोल से टकराने के बाद पेड़ से जा भिड़ी। इसमें चिलकाना के गांव तिड़फवा निवासी विजय (35) उसके भाई डॉ. मनीष (32), उनके मौसा जितेंद्र (45) निवासी महमूदपुर तिवाई गागलहेड़ी और मुजफ्फराबाद निवासी सोनू (30) की मौत हुई।
हादसा शनिवार शाम करीब पांच बजे हुआ। शाकंभरी देवी की तरफ से कार में सवार होकर चार व्यक्ति सहारनपुर की ओर लौट रहे थे। शाकंभरी रोड पर फतेहपुर कलां के पास मोड़ पर उनकी कार लोहे के पोल व पेड़ से जा टकराई। कार में विजय, डॉ. मनीष, जितेंद्र और सोनू थे।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों की मौके पर ही मौत हो गई। दो के शव बुरी तरह कार में फंस गए, जिन्हें पुलिस ने काफी मशक्कत से बाहर निकाला, जबकि दो शवों को सड़क से उठाया गया। कार भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
कार से मिले एक मोबाइल से उनके बारे में जानकारी जुटाकर पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना दी। शवों को एंबुलेंस से सीएचसी बेहट भिजवाया। मृतक डॉ. मनीष का मुजफ्फराबाद में अल्ट्रासाउंड सेंटर है। मृतक जितेंद्र पिछले कई वर्षों से बेहट में ही रह रहे थे। सभी विवाहित हैं।हादसा शाकंभरी रोड पर हुआ है। कार में चार लोग सवार थे। कार तेज रफ्तार होने के कारण अनियंत्रित हुई। इसके चलते पेड़ से टकराई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को बाहर निकाला। – एसएन वैभव पांडेय, सीओ