8 महीने की गर्भवती महिला की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या,पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
मुजफ्फरनगर जनपद के बुढ़ाना थाना क्षेत्र अंतर्गत धनौरा टीकरी गांव में शनिवार की रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां आठ माह की गर्भवती महिला की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा पति को हिरासत में ले लिया है।
मृतका की पहचान कनक उर्फ कमल पुत्री के रूप में हुई है, जो बुढ़ाना क्षेत्र के परासौली गांव की निवासी थी। कनक की शादी इसी वर्ष 10 अप्रैल 2025 को धनौरा टीकरी निवासी आशीष पुत्र रविंद्र के साथ हुई थी। आशीष हरिद्वार स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। कनक आठ माह की गर्भवती थी।
मृतका की मां रेखा व भाई रवि ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद से ही आशीष कनक के साथ लगातार मारपीट करता था। कनक ने कई बार अपने साथ हो रहे उत्पीड़न की जानकारी मायके वालों को दी थी। शनिवार की देर रात आशीष ने कनक के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, कनक ने मरने से पहले शनिवार की रात लगभग 10 बजे एक वीडियो बनाकर अपनी मां को भेजा था। वीडियो में वह घर के बाहर खड़ी होकर पति के साथ हो रही बहस को रिकॉर्ड कर रही थी। वीडियो में कनक ने आरोप लगाया कि उसके पति के किसी अन्य युवती से संबंध हैं और विरोध करने पर वह उसके साथ मारपीट करता है। वीडियो में उसने कहा कि वह आठ माह की गर्भवती है और उसका जीना दूभर कर दिया गया है। वीडियो भेजने के करीब एक घंटे बाद ही उसकी हत्या कर दी गई।
वीडियो मिलने के बाद मायके वालों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो कनक मृत अवस्था में मिली। थाना प्रभारी दोघट सूर्यदीप सिंह ने बताया कि मृतका के स्वजन ने हत्या का आरोप लगाया है। आरोपी पति आशीष को हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।